Highlights

इंदौर

सड़क हादसा- एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

  • 17 Sep 2022

राजस्थान से गमी में शामिल होकर लौट रहे थे, 7 घायल , 3 गंभीर  
इंदौर। राजस्थान में गमी में शामिल होकर इंदौर लौट रहे एक परिवार के लोग सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 7 घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जाता है कि हादसे का शिकार हुआ परिवार जिंसी इलाके का रहने वाला है। परिवार के सभी लोग उदयुपर से इंदौर लौट रहे थे। गाड़ी में 11 लोग सवार थे।
मृतकों में सोहेल पिता मुबारिक हुसैन उम्र 33 वर्ष, शाहिद पिता जाकिर हुसैन उम्र 25 वर्ष, राजा पिता जाकिर हुसैन उम्र 27 वर्ष, शकीला बी पति जाकिर हुसैन उम्र 50 वर्ष की मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार जारी है। बताया जाता है कि सभी गुरुवार को गमी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापस लौटते समय हादसा हुआ। परिवार के मुताबिक सोहेल प्लंबर का काम करता है। जबकि शाहिद, राजा और शकीला चूड़ी बनाने के काम से जुड़े हुए हैं। परिवार ने बताया कि हादसे में 3 लोगों के शव क्षत-विक्षत हो गए हैं। जिन का अंतिम संस्कार उदयपुर में ही किया जाएगा। वही सोहेल को इंदौर लेकर आया जाएगा। परिवार जिंसी क्षेत्र का रहने वाला है।  हादसा देर रात उदयपुर चित्तौडगढ़ नेशनल हाइवे पर मंगलवाड़ के नजदीक हुआ है। हादसे के दौरान अधिकतर सवारियों नींद में थीं और इसी दौरान हादसा हो गया ।
जानकारी के अनुसार इस हादसे में दो पीढिय़ां खत्म हो गई। हादसे में इंदौर निवासी मां व उनके दो बेटों सहित चार लोगों की मौत हो गई तथा परिवार के 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बताई गई है सभी को उदयपुर के महाराणा भोपाल चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि शकीला का पीहर यहां उदयपुर में है। 3 दिन पहले उनकी मां सुगराबाई का इंतकाल हो गया था। वह अपने परिवार के साथ उदयपुर आई थी।
वाहन के उड़े परखच्चे
शुक्रवार को वापस इंदौर लौटने के दौरान मंगलवाड के निकट हादसा हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। जिस वाहन में इंदौर का परिवार शामिल था उस वाहन के परखच्चे उड़ गए। निजी और सरकारी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद हाइवे पर लगे जाम को सुचारू करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड गई।