इंदौर। कचरा प्रबंधन व सीवरेज की सफाई के लिए नगर निगम के बेड़े में शुक्रवार को 110 नए वाहन शामिल किए गए। 17 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए सात प्रकार के वाहनों को दशहरा मैदान में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विधि विधान से पूजन कर लोकार्पित किया। इस मौके पर सभापति मुन्नालाल यादव, निगम परिषद के सभी सदस्य और अपर आयुक्त मनोज पाठक भी मौजूद थे।
नगर निगम के आठ साल पुराने करीब 60 वाहन कंडम हो गए थे। ऐसे में अब उनके स्थान पर 60 नए डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन खरीदे गए हैं। ये वाहन सीएनजी से चलेंगे। ये आठ करोड़ रुपये में खरीदे गए हैं। इसके अलावा 25 ओपन टिपर भी खरीदे गए। जिन कचरा संग्रहण वाहनों को हटाया गया, उनमें एक टन ही गीला व सूखा कचरा आता था। नए वाहनों में ढाई से तीन टन गीला व सूखा कचरा आएगा। नगर निगम द्वारा इन वाहनों को शहर के उन बाहरी हिस्सों में इस्तेमाल किया जाएगा, जहां आबादी व बसाहट ज्यादा है। इसके बाद निगम पुराने कंडम 60 वाहनों को नीलाम भी करेगा।
थ्री इन वन वाहन से होंगे तीन काम
नगर निगम ने इंदौर में सीवरेज सफाई की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 6.5 करोड़ रुपये के 25 वाहन खरीदे हैं। इनमें 10 सीवरेज सक्शन वाहन हैं। पांच डिसेल्टिंग व 10 प्रेशर वाहन हैं। इनमें छोटी सक्शन मशीन है जो संकरी गलियों में पहुंचकर चोक चैंबर की सीवर लाइन को खोलने में मदद करेगी। छोटी गलियों में पहुंच सके, ऐसी डिसेल्टिंग गाडिय़ां व प्रेशर वाहन खरीद गए हैं। इसके अलावा नगर निगम ने तीन काम करने वाले पांच वाहन खरीदे हैं। यह वाहन प्रेशर मशीन के अलावा शिल्ट निकालने व चोक पाइप लाइन को खोलने का काम करेंगे।
इंदौर
सफाई के लिए नगर निगम के बेड़े में शामिल हुए 110 नए वाहन
- 19 Nov 2022