Highlights

इंदौर

सफेद बाघिन रागिनी ने दिया 3 शावकों को जन्म

  • 25 Jul 2022

इंदौर। इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में बाघों के कुनबे में रविवार को इजाफा हो गया। बाघिन रागिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया है। इसमें एक सफेद शावक पर काले रंग की धारियां है और बाकी दोनों पर पीले व काले रंग की धारियां है। जू में अब बाघों की संख्या 15 हो गई है। इनमें से 7 फिलहाल शावक हैं, जबकि 8 युवा हो चुके हैं।
चिडिय़ाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि सालभर पहले अप्रैल 2021 में नंदन कानन जूलॉजिकल पार्क ओडिशा से व्हाइट टाइगर रागिनी के साथ ही ब्लैक टाइगर को इंदौर लेकर आए थे। जिसके बाद रागिनी और काले बाघ को साथ रखा जा रहा था ताकि टाइगर का कुनबा बढ़ सके। जू में पूरी तरह से सफेद बाघ की संख्या दो हो गई है।जू प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि व्हाइट टाइगर लाने के लिए चिडिय़ाघर को खास प्रयास करने पड़े थे। 2013 के बाद से चिडिय़ाघर में व्हाइट टाइगर नहीं था। इसके बाद सेंट्रल जू अथॉरिटी की अनुमति से 2021 में नंदन कानन जूलॉजिकल पार्क से एक सफेद बाघ मिला था। बता दें कि इसी साल अप्रैल में एक अन्य बाघिन जमना ने भी 4 शावकों को जन्म दिया था।
तीनों रंग के बाघ इंदौर चिडिय़ाघर में
जू क्यूरेटर निहार पारूलकर ने बताया कि रागिनी से जन्मे दोनों बच्चों पर निगरानी रखी जा रही है। उसे किसी तरह से असहजता महसूस न हो, इसके लिए कैमरों के जरिए निगरानी रखी गई है। इंदौर प्रदेश का ऐसा चिडिय़ाघर है जहां पीले, सफेद और काले तीनों रंग के बाघ हैं।