Highlights

इंदौर

हत्या में पांच माह बाद पकड़ाया आरोपी

  • 31 Aug 2022

 इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में हुई महेंद्र भाटी की हत्या में पुलिस ने डेयरी संचालक सन्नू यादव को गिरफ्तार किया है। सन्नू ने गाय (जर्सी) चुराने के विवाद में भाई राहुल के साथ मिलकर महेंद्र की हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित बोहरा कालोनी (सुपर कारिडोर) में 40 वर्षीय महेंद्र पिता कालूसिंह भाटी का शव मिला था। महेंद्र की पत्थर से कुचल कर हत्या की गई थी। मामले में सोमवार रात पुलिस ने सुभाष मार्ग जिंसी (मल्हारगंज) से डेयरी संचालक सन्नू पिता मनोहर यादव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका भाई राहुल पुलिसवालों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि राहुल उत्तर प्रदेश से जर्सी नस्ल की गाय खरीद कर इंदौर में बेचता है। घटना के करीब तीन महीने पूर्व उसने 60 हजार रुपये की एक गाय खरीदी थी जो आठ लीटर दूध देती थी। महेंद्र भाटी राहुल की गाय चुरा कर ले गया। मौके पर मिली साइकिल के आधार पर राहुल और सन्नू महेंद्र के अड्डे पर पहुंच गए और गाय छुड़वा ली। उस वक्त महेंद्र ने राहुल के साथ मारपीट कर दी। तभी से राहुल और सन्नू बदला लेने की फिराक में थे। 27 मार्च को दोनों भाइयों ने महेंद्र को ढूंढ लिया और डंडे से पिटाई कर दी। महेंद्र ने राहुल पर पत्थर फेंका तो उसने गुस्से में भारी पत्थर मार कर जान से खत्म कर दिया था। सोमवार को सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने पालाखेड़ी में छापा मारा और सन्नू को पकड़ लिया। उस वक्त भी मनोहर, दीपू (नौकर) और रजत यादव ने पुलिसवालों से विवाद किया। मौके से राहुल फरार हो गया। बाद में बल की मदद से मनोहर, दीपू और रजत को भी हिरासत में लिया गया।