इंदौर। उत्तरी पश्चमी हवाओं के कारण शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली और पारा 14 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य 4 डिग्री अधिक था। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली। गुरुवार सुबह से शहर में हवाओं के बदले रुख के कारण दिन में सर्दी का अहसास कम हुआ और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली।
शहर में सुबह पश्चिमी व उत्तरी पश्चिमी हवाएं 10 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। गौरतलब है कि शहर में दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को दिन के तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक था। शुक्रवार सुबह हल्की धुंध का असर रहा और दृश्यता 2500 मीटर तक दर्ज की गई।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ इरान के ऊपर है और उसकी वजह से उत्तरी पाकिस्तान पर प्रति चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से अभी तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 31 दिसंबर से तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिलेगी। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और पारा 27 डिग्री के आसपास रहेगा। गौरतलब है कि अभी अल सुबह और रात के समय ही हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है। दिन में धूप खिलने से ठंड का असर कम है।
इंदौर
हवाओं के बदले रुख ने बढ़ाया रात का पारा
- 31 Dec 2022