इंदौर। बुधवार से शुरू होने वाले तीसरी से सातवीं कक्षा की परीक्षा को कुछ दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र ने यह फैसला लिया है। मंगलवार को परीक्षा के टाइम टेबल में संशोधन कर दिया है। केंद्र ने आदेश जारी कर दिया है। अधिकारियों ने परीक्षा आगे बढ़ाने के पीछे कुछ जिलों में प्रश्न पत्र और उत्तरपुस्तिका की छपाई नहीं होना बताया है। इसके चलते केंद्र ने 8 अप्रैल से परीक्षा रखी है। मामले में संशोधित टाइम टेबल जारी कर दिया है।
प्रदेशभर में आने वाले 52 जिलों में बुधवार से तीसरी, चौथी, छठी और सातवीं कक्षा की परीक्षा शुरू होने वाली थी। इसमें 20 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। मगर तीन दिन पहले केंद्र ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक बुलाई। इसमें कुछ जिलों के अधिकारियों ने प्रश्न पत्र और उत्तरपुस्तिका प्रिंट नहीं होने के बारे में बताया। उन्होंने तर्क दिया है कि परीक्षा से जुड़ी सामग्री स्कूलों में नहीं वितरित की गई है। इसके चलते परीक्षा करवाना संभव नहीं है।
पेपर और उत्तरपुस्तिका ही नहीं छपी
जिलों से परीक्षा गतिविधियों को लेकर मिली रिपोर्ट के आधार पर अधिकारियों ने मंथन किया। मंगलवार को केंद्र ने परीक्षा को चार दिन के लिए आगे बढ़ा दिया है। अकेले इंदौर जिले में 800 से अधिक स्कूलों में परीक्षा होना है, जिसमें 25 से 35 हजार विद्यार्थी बैठेंगे। जिला परियोजना समन्वयक अक्षय सिंह राठौर ने कहा कि कुछ दिनों में परीक्षा सामग्री नहीं पहुंची है। प्रश्न पत्र और कापियां छापने का काम बाकी है। अब 8 से 15 अप्रैल के बीच परीक्षा करवाई जाएगी। सुबह 9 से 11.30 बजे के बीच पेपर रखे गए हैं।
इंदौर
अब 8 अप्रैल से होगी तीसरी से सातवीं कक्षा की परीक्षा, टाइम टेबल में बदलाव
- 05 Apr 2023



