लखनऊ। लखनऊ में शनिवार सुबह यूपी पुलिस ने एक लाख के इनामी बदमाश संजय को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। संजय बिल्डर संदीप की हत्याकांड का मुख्य शूटर था। पुलिस को संजय की कई दिनों से तलाश थी, लेकिन वह चकमा देकर भाग जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली बदमाश संजय बाइक से कहीं जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे एनकाउंटर में ढेर कर दिया। संजय के ऊपर कई अपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार इसी साल 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में बिल्डर संदीप सिंह हत्या करके शूटर संजय भाग निकला था। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस कई दिनों से संजय की तलाश कर रही थी। बदमाश संजय की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस आयुक्त लखनऊ ने एक लाख का इनाम भी घोषित किया था। शुक्रवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लाख का इनामी संजय इंदिरा कैनाल रोड पर बाइक से घूम रहा है। इसके बाद एएसपी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संजय की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरा देखकर बदमाश संजय ने फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान बदमाश संजय को पुलिस की गोली लग गई। बदमाश को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एनकाउंटर में ढेर बदमाश संजय अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के चक कोदार गांव का रहने वाला था। उसके ऊपर अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती समेत कई जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कुख्यात बदमाश दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई गंभीर अपराधों में शामिल हो गया था। पुलिस संजय के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है। जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर बरेली में भी पुलिस ने इनामी का एनकाउंटर कर दिया। सेंट्रल जेल के कृषि फार्म से फरार हुआ 25 हजार रुपये का इनामी कैदी दिनेश गुरुवार देर रात इज्जतनगर पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके एक पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल कैदी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा राजपूत निवासी दिनेश पॉक्सो के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। सोमवार को उसे 44 अन्य कैदियों के साथ 10 बंदीरक्षकों की निगरानी में सेंट्रल जेल के कृषि फार्म में काम पर भेजा गया था। इसी दौरान वह फरार हो गया था। फरारी के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसओजी समेत चार टीमें दिनेश की तलाश में।लगाई गई थीं। गुरुवार देर रात इज्जतनगर क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी कैदी दिनेश गिरफ्तार कर लिया गया। उसके एक पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
लखनऊ में 1 लाख का इनामी शूटर ढेर, बरेली में जेल से भागा कैदी गिरफ्तार
- 27 Jun 2026



