Highlights

इंदौर

आश्रम में 10 साल के दिव्यांग से मारपीट

  • 18 Feb 2023

इंदौर। विजय नगर स्थित अनुभूति विजन सेवा संस्था पर में 10 वर्षीय दिव्यांग बच्चे से मारपीट का मामला भी सामने आया है। इसी आश्रम की 17 वर्षीय दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म की जांच चल रही है। विजय नगर पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, जती कालोनी (सदर बाजार) निवासी प्रियंका रावत द्वारा शिकायत दर्ज करवाई गई है। महिला का 10 वर्षीय दिव्यांग बालक स्कीम-74 स्थित आश्रम में ही रहता है। उसे इसी वर्ष जनवरी में आश्रम में छोड़ा था। महिला ने कहा कि वह बच्चे के संबंध में आश्रम संचालिका चंचल से बात करती थी और वह स्वस्थ बताती थी। 12 फरवरी को महिला पति जितेंद्र के साथ आश्रम पहुंची तो देखा बच्चा जख्मी है। दोनों पैर और दाएं कान पर चोट के निशान थे। उसके साथ आश्रम में बेरहमी से मारपीट की गई थी। इस घटना पर आपत्ति लेने पर महिला को संस्थान के कर्मचारियों ने धमकाया और अपशब्दों का प्रयोग किया। महिला पति और भाई के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज करवाई।
उल्लेखनीय है कि इसी संस्था में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी जांच में गर्भवती निकली थी। उसके साथ किसी ने दुष्कर्म किया था। विजय नगर पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही है। 17 वर्षीय दिव्यांग किशोरी का दिमाग बच्चे की तरह है, इसलिए वह दुष्कर्म के मामले में कुछ बता सकने में अक्षम है।