Highlights

इंदौर

इंदौर में ड्रग्स बेची तो होगी सख्त कार्रवाई

  • 25 May 2023

जमानतदार का नाम भी किया जाएगा सार्वजनिक
इंदौर। नशा, ड्रग्स को लेकर इंदौर में मचे घमासान पर अंतत: प्रशासन ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया। अब ड्रग सप्लाई करते हुए जो भी शख्स पकड़ाता है और उसकी कोई जमानत कराता है, तो उस जमानतदार का नाम सार्वजनिक किया जाएगा। जहां घर है, उसी चौराहे पर उसके नाम का पोस्टर लगाया जाएगा। इसमें जमानत से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक रूप से लिखी जाएगी। इसकी शुरूआत इंदौर से होगी। ऐसा करने का मकसद नशाखोरी को बढ़ावा देने वालों को हतोत्साहित करना है। ध्यान रहे कि पूरे प्रदेश में इंदौर में ही नाइट कल्चर लागू है। इसके बाद से नशाखोरी की शिकायतें बढ़ गई हैं। यह जानकारी गृह मंत्री और इंदौर के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जानकारी दी।
बुधवार को मिश्रा इंदौर में थे। जिला योजना समिति की बैठक के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। मिश्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस की बैठक में ये तय किया है कि ड्रग पेडलर की जमानत जो व्यक्ति देगा, उनका नाम बोर्ड पर लिखकर उसके मोहल्ले में टांगा जाएगा। पहला चरण इंदौर से प्रारंभ हो रहा है। दूसरे चरण में अन्य नाम भी जोड़े जाएंगे।
बता दें कि शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद ड्रग पेडलर्स के हौंसले बुलंद हैं। जमानत पर छूटने के बाद फिर से वो युवाओं को नशा परोसने लगते हैं। ऐसे में अब ये कोशिश की जा रही है कि एक बार पकड़ाने के बाद ड्रग पेडलर आसानी से छूट नहीं सके और जमानत देकर जो लोग उनकी मदद करते हैं, उनके नाम भी सार्वजनिक किए जाएं ताकि समाज को पता चल सके। जमानत देने से पहले लोग सोचे। नाइट कल्चर में भी नशाखोरी जमकर देखने को मिलती है। इसके खिलाफ भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय आवाज भी उठा चुके हैं। नशा करने के बाद सड़क पर हंगामा करते हुए लड़कियों के कई वीडियो सामने आ चुके हैं।