Highlights

इंदौर

कांग्रेस पार्षदों-रहवासियों ने किया जोन का घेराव

  • 05 Jul 2023

विकास कामों को लेकर अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप, ज्ञापन के साथ चेतावनी
इंदौर।नगर निगम द्वारा कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में विकास कामों में पक्षपात किए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेसियों ने मंगलवार को जोन-19 का घेराव किया। कांग्रेस पार्षदों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर चेतावनी दी कि अगर हमारे वार्डों में काम नहीं किए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वार्ड 75 और वार्ड 76 के पार्षद और रहवासी नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे की अगुआई में एकत्रित हुए और जोन पहुंचे। उन्होंने जोन पर पर नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव होकर 11 माह हो गए हैं लेकिन कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में विकास कामों को लेकर भेदभाव किया जा रहा है जबकि भाजपा पार्षदों के वार्डों में विकास कामों के मामले मे अधिकारी बिना देखे स्वीकृति देकर काम चालू करा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाए हैं किं कांग्रेस पार्षदों की नहीं सुनी जा रही है। हमारे साथ शुरू से ही पक्षपात किया जा रहा है। अभी भी बहुत फाइलें रुकी हुई हैं जिन पर अधिकारी साइन नहीं कर रहे हैं। अन्य भाजपा पार्षदों के बिना कहे पर भी अधिकारी कॉलोनाइजरों को फायदा पहुंचाने के लिए मनमर्जी के काम कर रहे हैं, ऐसा नहीं चलेगा। कमीशनबाजी में पूरी ड्रेनेज लाइन खराब हो गई है। चौकसे ने अधिकारियों को कहा कि आप लोग दूसरे के कहने पर गुलामी कर रहे हो। एक सवाल के जवाब में अधिकारियों ने कहा कि अमृत टू योजना का हवाला दिया कि वह जल्द आ रही है तो रहवासी बोले यह सिर्फ झूठा आश्वासन है।
चौकसे ने मीडिया को बताया कि वार्ड 75 से कांग्रेस के कुणाल सोलंकी और वार्ड 76 से सीमा सोलंकी पार्षद हैं जिन्हें लोगों ने बहुत उम्मीदों के साथ चुना है लेकिन यहां भाजपा के महापौर, इनकी परिषद और प्रदेश में इनकी सरकार होने से कांग्रेस पार्षदों के साथ पूरी तरह से पक्षपात किया जा रहा है। इनसे जुड़े अधिकारियों का रवैया भी ऐसा ही है। उनके सरकारी नंबर तो हमेशा ही बंद रहते हैं। आज भी फोन लगाए लेकिन बंद थे। इन दोनों वार्डों में एक भी काम नहीं हुआ। कुछ फाइलें बनी, कुछ टेंडर हुए और कुछेक के वर्क ऑर्डर भी हुए लेकिन काम नहीं हुआ। इसका कारण ठेकेदारों के पास पैसे नहीं है, बारिश का मौसम शुरू हो चुका है और कीचड़ है। निगम अधिकारी कहते हैं कि खराब लाइट नहीं लगाएंगे तो फिर अच्छी लाइट कब लगाएंगे। चौकसे ने सवाल उठाया कि भाजपा ने 29 गांवों को शहरी सीमा में क्यों लिया। इन वार्डों के रहवासी ड्रेनेज, बिजली सहित कई प्रकार समस्याओं से जूझ रहे हैं। चौकसे ने कहा है कि अगर 10 दिनों में काम नहीं किए गए बड़ा आंदोलन किया जाएगा।