Highlights

देश / विदेश

गर्मी पर लगा 'ब्रेक': मार्च में बारिश और बर्फबारी ने बदली फिजा, होली के बाद मौसम हुआ कूल

  • 19 Mar 2026

नई दिल्ली। होली के आसपास से ही गर्मी का जो मौसम देखने को मिल रहा था, अब उसमें कुछ नरमी आई है। 14 मार्च को पहली बार हलकी बारिश मैदानों पर हुई थी तो वहीं पहाड़ों पर भारी बारिश से लेकर बर्फबारी तक हुई है। इसके चलते मौसम ने एकदम से करवट ली है और जल्दी आती गर्मी फिलहाल बारिश से निकल गई दिखती है। यही नहीं मौसम विभाग का कहना है कि अब जल्दी गर्मी की चिंता फिलहाल खत्म हो गई है। होली के आसपास जब गर्मी बढ़ी तो चिंताएं जताई जाने लगी थीं कि अब शायद गर्मी पहले आ जाएगी और लंबा सीजन चलेगी। अब इस पर बारिश ने कम से कम पूरे मार्च के लिए ब्रेक लगा दिया है।
यही नहीं 19 औैर 20 मार्च को दिल्ली एनसीआर में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला, शिमला समेत ज्यादातर शहरों में भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। इसके अलावा उत्तराखंड में भी लगभग पूरे राज्य में बारिश होगी। कहीं अधिक तो कहीं कम, लेकिन पूरे राज्य में बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इन दो दिनों के बाद भी अगले सप्ताह बारिश हो सकती है। इससे पूरे मार्च ही मौसम कूल बना रहेगा। हालांकि अधिक बारिश होने की स्थिति में फसलों को भी नुकसान हो सकता है।
अचानक मौसम में बदलाव की एक वजह यह भी है कि मार्च के मध्य में ही हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में जोरदार बर्फबारी हुई है। आमतौर पर फरवरी में ऐसी बर्फबारी देखी जाती थी, लेकिन मार्च में भी काफी बर्फ गिरी है। इससे मौसम में बदलाव आया है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते 21 मार्च तक ज्यादातर इलाकों में बारिश का मौसम बना रहेगा। इसके बाद 23 मार्च और फिर 27 मार्च को भी मौसम करवट लेगा और बारिश की संभावना रहेगी। भारतीय मौसम विभाग के चीफ मृत्युंजय मोहपात्रा का कहना है कि पूरे मार्च में ही तापमान के सामान्य या उससे भी कम बने रहने की संभावना है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान