Highlights

देश / विदेश

गाजियाबाद पुलिस का बड़ा खुलासा: पाकिस्तान को सैन्य ठिकानों और अडानी-अंबानी के घर की लोकेशन भेजने वाले 9 और जासूस गिरफ्तार

  • 21 Mar 2026

गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस ने सैन्य ठिकानों और संवेदनशील स्थानों की लोकेशन, फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजने वाले गिरोह से जुड़े नौ और आरोपियों को शुक्रवार को दबोच लिया। इनमें पांच नाबालिग शामिल हैं। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 15 हो गई है। पुलिस ने नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, यह जासूस गैंग देश के संवेदनशील स्थानों और सैन्य ठिकानों के अलावा अडानी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों के आवास के फोटो-वीडियो, लोकेशन भी पाकिस्तान भेज चुका है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग आरोपियों में एक नौवीं क्लास का छात्र भी शामिल है, जो संवेदनशील जगहों की रेकी करने के साथ कैमरे लगाने में भी शामिल था। नाबालिगों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच है। पुलिस ने आरोपियों से नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी पाकिस्तानी नंबर के अलावा एक मलेशियाई नंबर पर अपने आका से बात करते थे। यूके का एक वर्चुवल नंबर भी सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पकड़े गए आरोपियों में मेरठ निवासी गणेश और गगन कुमार प्रजापति, कौशांबी निवासी विवेक तथा नवी मुंबई में रहने वाले दुर्गेश निषाद भी शामिल हैं। गणेश मूलरूप से नेपाल के लुंबिनी और विवेक बिहार में पूर्णिया का रहने वाला है। पुलिस अब गिरोह के दो मुख्य आरोपी मुजफ्फरपुर निवासी नौशाद अली और भागलपुर निवासी समीर उर्फ शूटर को तलाश रही है।
गाजियाबाद पुलिस ने जिस गिरोह का पर्दाफाश किया, वह देश में सिलेसिलेवार तरीके से अब तक के सबसे बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था। दो साल पहले हुई साजिश के दूसरे चरण में ही आरोपी पकड़ लिए गए। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि कश्मीर, दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और यूपी में हमलों की साजिश थी। कौशांबी पुलिस ने अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सभी तीन वॉट्सऐप ग्रुपों में शामिल थे, जिन्हें पाकिस्तान में बैठा मास्टरमाइंड सरदार चला रहा था।
साभार लाइव हिन्दुस्तान