Highlights

ग्वालियर

चूड़ीवाले पर हमला कर लूट

  • 22 Jun 2021

ग्वालियर। फेरीवाला गांव-गांव चूडिय़ां बेचकर लौट रहा था। अचानक बाइक के सामने दो युवक आए। युवक गले पर चाकू अड़ाकर गाड़ी, नकदी व मोबाइल लूट ले गए। वारदात करहिया थाना के कोलार घाटी में सोमवार शाम को हुई है। यह घाटी वैसे ही सुनसान रहती है। घटना के बाद बदमाश उससे मारपीट भी कर गए। एक घंटे तक वह वहीं पड़ा रहा। बाद में राहगीर ने उसे लिफ्ट देकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
हजीरा के चार शहर का नाका में रहने वाले 35 वर्षीय ऊदल सिंह पुत्र रामलखन सिंह चूडिय़ा बेचते हैं। वह बाइक से गांव-गांव में जाकर फेरी लगाकर चूडिय़ां बेचते है। रोजाना की तरह एक दिन पहले भी वह चूड़ी बेचकर वापस लौट रहे थे। अभी वह कोलार घाटी पर पहुंचे तो दो युवक अचानक उसकी बाइक के सामने आ गए।
टकराने से बचने के लिए जैसे ही उसने बाइक रोकी तो एक बदमाश ने उस पर चाकू तान दिया और दूसरे ने डंडा से पीटना शुरू कर दिया। बदमाशों ने उससे उसकी बाइक, मोबाइल व नगदी 12500 रुपए छीन लिए। विरोध करने पर डंडे से फिर पीटा। लूट और मारपीट करने के बाद बदमाश भाग गए।
लिफ्ट लेकर पहुंचा थाने
वारदात के बाद ऊदल सिंह वहां घायल पड़ा था। लूट के करीब एक घंटे बाद एक राहगीर ने उसे लिफ्ट दी। साथ ही उसके मोबाइल से उसने पुलिस को सूचना दी। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छानबीन करने के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
इस घाटी पर होती रही हैं वारदातें
यह घाटी लूट और वारदातों के लिए बदनाम है। कोलार घाटी का सुनसान इलाका बदमाशों को वारदात करने में मदद करता है। पीडि़त ने बताया कि दोनों बदमाश मुंह पर साफी बांधे हुए थे। हुलिया से 25 ये 30 साल के बीच उनकी उम्र होगी और कद काठी सामान्य थी।