हरपालपुर। मजदूर पिता के कार्यस्थल पर खेल रहे मासूम को मिट़्टी डालते समय जेसीबी का पंजा लग गया। घटना को छिपाने के लिए गंभीर रूप से घायल मासूम पर जेसीबी चालक ने मिट्टी का ढेर लगा दिया। लगभग 15 घंटे बाद पूछताछ में जेसीबी चालक ने हकीकत बताई, तो तीन घंटे तक मिट्टी हटाने के बाद मासूम का शव मिला।
पुलिस ने जेसीबी चालक को हिरासत में ले लिया है। बलरामपुर के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के सोनेपुर निवासी शत्रोहन मजदूरी करता है। इन दिनों हरपालपुर कोतवाली भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। मजदूरी के लिए शत्रोहन अपनी पत्नी सरिता और चार बच्चों के साथ निर्माण स्थल पर ही रहता है।
बुधवार की दोपहर दो बजे शत्रोहन ने परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद उसका सबसे छोटा पुत्र रोहन (6) वहीं खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह लापता हो गया। काफी देर तलाशने पर भी कुछ पता नहीं चला तो शत्रोहन ने शाम साढ़े सात बजे पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने फौरन ही गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। देर रात उन्नाव से डॉग स्क्वायड भी मंगवाया गया। रात में कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच कुछ लोगों ने बुधवार को डाली गई मिट्टी के नीचे रोहन के दबे होने की आशंका जताई, तो पुलिस ने जेसीबी चालक शेखवापुर निवासी वर्षा सिंह उर्फ वीपी यादव से पूछताछ की।
पहले तो वह बरगलाता रहा, लेकिन फिर हकीकत बयां कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के मुताबिक जेसीबी से जहां मिट्टी डाली जा रही थी, वहीं रोहन खेल रहा था। इसी दौरान जेसीबी का पंजा सिर में लगने से रोहन लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना को छिपाने के उद्देश्य से चालक ने चोट लगने से घायल रोहन पर मिट्टी डाल दी। इसके बाद कई बार वहां मिट्टी डाली गई। वीपी ने जब पुलिस को यह बताया तो जेसीबी लगाकर मिट़्टी हटवाई गई।
बृहस्पतिवार सुबह लगभग सवा नौ बजे रोहन का शव मिल गया। बुधवार रात शत्रोहन की तहरीर पर दर्ज की गई गुमशुदगी की रिपोर्ट में गैर इरादतन हत्या, शव और साक्ष्य छिपाने की धाराएं बढ़ाई गई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वीपी यादव को हिरासत में लिया गया है।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
जेसीबी का पंजा लगने पर घायल मासूम को चालक ने मिट्टी में दबा दिया

- 07 Mar 2025