Highlights

देश / विदेश

टोक्यो के पास दर्दनाक हादसा: भारी बर्फबारी के बीच भिड़े 50 से ज्यादा वाहन, घंटों तक धधकती रहीं गाड़ियाँ

  • 27 Dec 2025

टोक्यो। जापान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां साल के अंत की छुट्टियों की शुरुआत के बीच शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बर्फबारी के कारण एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा टोक्यो से करीब 160 किलोमीटर दूर गुनमा प्रांत के मिनाकामी शहर के पास कान-एत्सु एक्सप्रेसवे पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, सबसे पहले दो ट्रकों की टक्कर हुई। इसके बाद पीछे से आ रही गाड़ियां बर्फ से ढकी सड़क पर ब्रेक नहीं लगा सकीं और एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में 50 से ज्यादा वाहन शामिल थे। टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा पूरी तरह जाम हो गया।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार हादसे के आखिरी हिस्से में आग भी लग गई, जो धीरे-धीरे एक दर्जन से ज्यादा वाहनों तक फैल गई। कुछ गाड़ियां पूरी तरह जल गईं। राहत की बात यह रही कि आग से किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दमकल विभाग ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मामले में पुलिस ने बताया कि हादसे में मरने वाली महिला की उम्र 77 साल थी और वह टोक्यो की रहने वाली थीं। जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस वक्त इलाके में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी थी। इसी दौरान जापान में लोग नए साल और साल के अंत की छुट्टियों के लिए यात्रा पर निकल रहे थे। फिलहाल हादसे की जांच, मलबा हटाने और सड़क की सफाई के लिए एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों को बंद रखा गया है।
साभार अमर उजाला