Highlights

इंदौर

दाल मिल व्यापारी के बंगले में घुसे चोर

  • 20 Mar 2023

चौकीदार को बना लिया था बंधक
इंदौर। दाल मिल व्यापारी के यहां सनसनीखेज वारदात का मामला सामने आया। बदमाशों ने यहां पर तैनात चौकीदार के हाथ-पैर बांध दिए और बंगले में घुस गए। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम भी पहुंची और जांच की।
तुकोगंज पुलिस के अनुसार सूचना मिली कि साउथ तुकोगंज इलाके में चोरी हुई है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। यहां दाल मिल व्यापारी रामऔतार जाजू के यहां पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि बंगले पर तैनात चौकीदार के बदमाशों ने हाथ पैर बांध दिए थे। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिली तो भी घटनास्थल पर पहुंचे, वहीं एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलवाया गया। टीम ने यहां पर पहुंचकर जांच की। अभी यह पता नहीं चल सका है कि आरोपी यहां से कितने का माल ले गए।
अनेक स्थानों पर चोरों ने की वारदात
चंदन नगर थाना अंतर्गत रामानंद नगर में रहने वाले रोहित पिता राधेश्याम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मेरी मां राधा कराडे रविवार सुबह मकान की ऊपरी मंजिल की  साफ सफाई कर रही थी तभी उन्होंने कमरे का ताला टूटा हुआ देख मुझे सूचना दी। मैंने जाकर देखा तो अलमारी में रखे सोने का रानी हार डायमंड की अंगूठी और 1 किलो चांदी एवं 50 हजार रुपए नदारद मिले। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।  चोरी की  एक अन्य घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में हुई। फरियादी देवेंद्र पिता राजेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह परिवार सहित 17 मार्च को रिश्तेदार के यहां भोपाल गए थे लौटे तो मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था एवं अलमारी में रखे 4 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी गायब देख उसके होश उड़ गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।