Highlights

देश / विदेश

नीमराणा: घीलोठ की एसी फैक्ट्री में भीषण आग, रात के अंधेरे में धधकीं लपटें

  • 24 Mar 2026

अलवर। अलवर जिले के नीमराणा के घीलोठ औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एसी बनाने वाली Trans HCR कंपनी में मंगलवार तड़के 3 बजे भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में उसने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। रात के सन्नाटे में उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के गांवों और औद्योगिक इकाइयों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही नीमराणा, बहरोड़, घीलोठ और सोतानाला से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि फैक्ट्री में एसी निर्माण से जुड़ा ज्वलनशील सामान, प्लास्टिक पार्ट्स, पैकिंग सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बड़ी मात्रा में मौजूद थे, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरा बनाकर खाली कराया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। राहत की बात यह रही कि घटना देर रात की होने के कारण फैक्ट्री में कामगार मौजूद नहीं थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
शाहजहांपुर थाना अधिकारी प्रकिता ने बताया की रात को फोन के जरिये सूचना मिली की घीलोठ औधोगिक में बनी ट्रांस एचसीआर एसी कंपनी में आग लग गई है। जिस पर घीलोठ चौकी से स्टाफ को भेजा गया । मोके पर आग की लपटें इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री की छत तक धधक उठी और कई जगहों पर धमाके जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। आशंका जताई जा रही है कि अंदर रखे गैस सिलेंडर, कंप्रेसर या केमिकल कंटेनर गर्मी के कारण फट गए होंगे, जिससे आग और भड़क गई। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान