सिद्धार्थनगर. सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाने से आज सुबह 6 बजे गैंगस्टर एक्ट के दो इनामी अभियुक्त अतुल उर्फ इंद्र कपूर और मोहम्मद रकीब पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. 25-25 हजार रुपये के इन इनामी बदमाशों ने पेट दर्द का बहाना बनाकर हवालात का दरवाजा खुलवाया और पहरा संतरी से भिड़कर भाग निकले. पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के निर्देश पर एसओजी और थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की. पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर दोनों को चौधरी लान के पीछे एक खेत से गिरफ्तार कर लिया और कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया.
हवालात में बंद शातिर अपराधी अतुल ने सुबह अचानक पेट में तेज दर्द होने का नाटक किया. उसकी कराह सुनकर ड्यूटी पर तैनात संतरी ने मानवीयता के नाते हवालात का दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही दोनों बदमाश संतरी पर टूट पड़े. संतरी ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की, जिसमें उसके कपड़े फट गए और चोटें भी आईं, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे. इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई.
फरारी की खबर मिलते ही एसपी ने एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर मिथिलेश और एसएचओ नवीन की टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया. पुलिस ने इलाके की सघन घेराबंदी की और मात्र 120 मिनट के भीतर दोनों को कस्बे के चौधरी लान के पीछे स्थित एक खेत से ढूंढ निकाला.
पकड़े गए अतुल पर चोरी और लूट जैसे 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि रकीब पर 6 मामले दर्ज हैं. पुलिस ने इन्हें 7 मार्च की शाम को ही गिरफ्तार किया था. फिलहाल, इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे ने राहत की सांस ली.
साभार आज तक
देश / विदेश
पेट दर्द का बहाना बनाकर संतरी पर हमला और थाने से फरार, घेराबंदी कर पुलिस ने दोबारा दबोचा
- 09 Mar 2026



