आगरा। आगरा के फतेहाबाद में फिरोजाबाद मार्ग पर पूठपुरा गांव के पास सोमवार को थार कार की टक्कर से बाइक सवार मनीष (22) की मौत होने पर जमकर बवाल हुआ। कार ने कई और वाहनों को भी चपेट में लिया था। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। कार में तोड़फोड़ की। पहुंचे मत्स्य मंत्री के समझाने पर भी नहीं माने। मंत्री के जाते ही जैसे पुलिस ने उन्हें हटाना चाहा लोगों ने पथराव कर दिया। बिना तैयारी के पहुंचे पुलिसकर्मी इधर-उधर भागे। पथराव में एक इंस्पेक्टर, पांच दरोगा सहित 11 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। कई थानों की फोर्स ने आकर मोर्चा संभाला। चार संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं।
फतेहाबाद में फिरोजाबाद मार्ग पर थार की टक्कर से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने 3 घंटे तक बवाल किया। पुलिस ने शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने का प्रयास किया। मगर ग्रामीण भड़क गए और एंबुलेंस से शव को बाहर निकालने के बाद सड़क पर रख दिया। पुलिस से काफी देर तक तीखी नोंकझोक होती रही। आरोप लगाया कि पुलिस ने थार गाड़ी के चालक को भगा दिया है। गाड़ी को भी नहीं पकड़ा गया है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप पर खड़ी कर दी गई है। उसे सीज किया जाएगा। मगर कोई भी मानने को तैयार नहीं हुआ। इस पर पुलिस ने वीडियो कॉल पर गाड़ी को दिखाया। इस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और थार में जमकर तोड़फोड़ कर दी।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
फतेहाबाद में भीषण उपद्रव: ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, मंत्री की समझाइश भी फेल, पुलिस पर किया पथराव
- 16 Jun 2026



