Highlights

इंदौर

फरार इनामी आरोपी गिरफ्त में, 40 लाख की अगरबत्ती और 33 लाख का बोरोप्लस व झंडू बाम बेच दिया था

  • 15 Oct 2022

इंदौर। लाखों रुपए के माल की अफरी-तफरी करने के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्त में लिया है। आरोपी ने करीब 40 लाख रुपए की अगरबत्ती और लगभग 33 लाख रुपए के झंडू बाम और बोरो प्लस के माल की अफरा-तफरी कर दी थी। बताया जाता है कि उसने यह माल बेच दिया था। मामले पुलिस में केस दर्ज होने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।
लसूडिय़ा पुलिस के अनुसार गत दिनों फरियादी रुपनारायण जाजू ने शिकायत की थी कि उनकी फर्म मंगलम एजेन्सी ईमामी लिमिटेड के अधिकृत सी.एण्ड. एफ. मे कार्य करने वाले विजय सिंह पिता कालूसिहं चौहान,सेटेलाईट जंक्शन ने अपने साथी दीपक सिंह ठाकुर के साथ मिलकर झण्डू बाम के 8 एम.एल. के 90 बक्से व बोरोप्लस 19 एम.एल. के 100 बक्से जिनकी कीमत 33 लाख 60 हजार रुपए है,की अफरा-तफरी कर दी है।
इसी प्रकार दूसरे फरियादी जितेन्द्र पिता बद्रीप्रसाद पालीवाल ,परदेशीपुरा द्वारा शिकायत की गई थी कि उसकी मैसूरदीप पर यूमरी हाउस 9 एस.डी.एन.एक्स. लसूडिय़ा मोरी से  40 लाख 7 हजार 832 रुपये की अगरबत्ती अफरा तफरी कर अन्य स्थान पर बेचकर हड़प ली है। इस मामले में भी विजयसिंह चौहान के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
इन वारदातों के बारे में आरोपी विजयसिंह फरार हो गया था। उसके कई ठिकानों पर छापा मारा गया लेकिन वह कहीं नहीं मिला। उसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर दो हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया था।
टीआई संतोष दूधी ने बताया कि 73 लाख रुपए से ज्यादा के माल की अफरा-तफरी करने वाले मुख्य आरोपी विजयसिंह की तलाश में मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। वह घर से गायब था। उसके घर की निगरानी की जा रही थी और अन्य संभावित ठिकानों पर पैनी नजर रखी जा रही थी। मुखबिर की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी कर आरोपी को विजयसिंह पिता कालूसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।