मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के चकवा जगदीशपुर गांव में उस समय मातम छा गया जब पिता और पुत्र की एक साथ अर्थी उठी। दोनों असम से अपने गांव होली पर्व मनाने के लिए लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया है कि पिता के साथ लौट रहे बेटे की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। इस घटना की जानकारी से पिता काफी देर तक अनजान रहे और ट्रेन में आगे तक सफर करते रहे। जानकारी के अनुसार यह हादसा न्यू जलपाईगुड़ी और कटिहार स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन से गिरने के कारण बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। उधर पिता इस बात से अनजान होकर ट्रेन में कई स्टेशन आगे तक पहुंच गए। जब पिता बरौनी स्टेशन पहुंचे, तब साथ में सफर कर रहे एक यात्री ने इस घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजन बुजुर्ग को लेने के लिए पहुंचे और उन्हें निजी वाहन से घर लेकर आने लगे। बताया गया है कि रास्ते में जब बुजुर्ग पिता को बेटे की मौत की खबर दी गई, तो यह सदमा वह सहन नहीं कर सके और उन्होंने भी वहीं दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार के लोग दोनों शवों को लेकर गांव पहुंचे।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सके पिता: रास्ते में ही तोड़ा दम, गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
- 06 Mar 2026



