Highlights

देश / विदेश

बाबा के दरबार में प्रधानमंत्री: काशी विश्वनाथ में पीएम मोदी की विशेष पूजा, मंत्रोच्चार और डमरू वादन से गूंजा परिसर

  • 29 Apr 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर विशेष पूजा की. पीएम मोदी के वाराणसी दौरे का ये दूसरा दिन रहा, जहां वह वाराणसी में जगह-जगह बनाए गए स्वागत गेट से गुजरते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे. यहां से पूजन के बाद पीएम मोदी ने बच्चों से मुलाकात की और फिर वह गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के लिए हरदोई जा रहे हैं.
पीएम मोदी जब मंदिर परिसर में दाखिल हुए तब पूरे मंदिर में वेदमंत्र गूंज रहे थे. इस दौरान कई पुजारी पंक्ति में खड़े होकर डमरू वादन कर रहे थे. पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर मंदिर के मुख्य द्वार से परिसर में प्रवेश किया और उन्होंने स्वागत करने वाले पुजारियों का विशेष आभार भी जताया. 
इसके बाद पीएम मोदी मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग के सामने बैठ गए. इस दौरान मंदिर के विशेष पुजारियों ने विधान के तहत पीएम मोदी के हाथ धुलवाए और पवित्रता मंत्र पढ़कर उन्हें अनुष्ठान के लिए संकल्प कराया. इसके बाद षोडशोपचार पूजा पद्धति से भगवान विश्वनाथ की पूजा शुरू हो गई. 
इस दौरान पीएम मोदी के मस्तक पर पुजारीजी ने चंदन लेपन किया. पीएम मोदी ने मंत्रों के साथ एक-एक विधि का पालन करते हुए पूजन किया. पीएम मोदी ने बाबा विश्वनाथ की षोडशोपचार पद्धति से पूजा की. उन्होंने इस पद्धति के तहत पहले देवता का आह्वान किया. फिर उन्हें पाद्य और अर्घ्य दिया. इस तरह अलग-अलग क्रम से उन्होंने सभी रीतियों का पालन करते हुए भगवान बाबा विश्वनाथ का अभिषेक गंगाजल , हल्दी जल, अक्षत, दूध से किया. इसके बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ को मंदार माला भी चढ़ाई. पूजा के बाद पीएम मोदी ने पंचदीप से आरती की. इसके बाद उन्होंने प्रदक्षिणा की.
साभार आज तक