Highlights

इंदौर

बारिश और आंधी की चेतावनी, पारा 3 डिग्री गिरा, 37.6 पर आया

  • 17 May 2023

इंदौर। मंगलवार के दिन तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। 43 डिग्री सेल्सियस तक जाने वाला पारा अब 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में यह गिरावट मोका तूफान के कारण मौसम बदलने से आई है। यह स्थिति अगले 3 से 4 दिन तक बनी रहेगी। शहर का तापमान 40 डिग्री के नीचे ही रहेगा। बादल छाए रहेंगे और तेज आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले हफ्ते से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। 14 मई को दिन का तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस था। 15 मई को यह घटकर 39.4 डिग्री सेल्सियस हो गया और अब 16 मई को 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, अनूपपुर, सिवनी, मंडला और छिंदवाड़ा में भी बूंदाबांदी होने के आसार हैं। वहीं, इंदौर-उज्जैन समेत अन्य शहरों में तेज गर्मी है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि मंगलवार से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो गया है। इस कारण ग्वालियर, चंबल, सागर समेत अन्य संभागों में 20 मई तक हल्की बारिश हो सकती है।
इन शहरों में हो सकती है बारिश
प्रदेश में बारिश और बादल छाए रहने से शहर में दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आई है। शाम तक ग्वालियर, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, गुना, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना और टीकमगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। जबलपुर, अनूपपुर, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा में भी बूंदाबांदी होने के आसार हैं।
आने वाले दिनों में लुढ़केगा पारा
मई माह के पहले और दूसरे हफ्ते की बात करें तो गर्मी के कहर से लोगों का जीना मुश्किल था। अब प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बता दें कि कुछ दिनों पहले तक इंदौर में पारे का प्रचंड प्रहार था। तापमान 43 डिग्री तक दर्ज किया गया था। लेकिन अब अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।