Highlights

इंदौर

भागने की तैयारी में था सीएम को अपशब्द कहने वाला कांग्रेस नेता

  • 11 Mar 2023

पुलिस ने किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेश करेंगे
इंदौर। शुक्रवार को सत्यासांई चौराहे पर कांग्रेस के प्रदर्शन में मंच से सीएम को अपशब्द कहने वाले कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल को बीती रात विजयनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कांग्रेस नेता पटेल को बाइपास से गिरफ्तार किया। केस दर्ज होने के बाद वह इंदौर से भागने की तैयारी में था। पुलिस का कहना है कि शनिवार को कांग्रेस नेता को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दरअसल, शुक्रवार को सत्यसांई चौराहे पर कांग्रेस का एक प्रदर्शन था। इस दौरान यहां पर कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल ने भरे मंच से सीएम शिवराज सिंह चौहान को लेकर अपशब्द बोलना शुरू कर दिए। पहले तो उनके भाषण की कुछ लाइनों पर कांग्रेस नेताओं ने तालियां बजाई। मगर जैसे ही उन्होंने सीएम को लेकर अपशब्द कहे वैसे ही वहां मौजूद लोग भी सकते में आ गए। जिसके बाद पटेल को वहां से भगा दिया गया।
सीएम को अपशब्द कहने का वीडियो सामने आया तो इस मामले ने तूल पकड़ लिया। इंदौर की राजनीति भी गरमा गई। मामले में भाजपा नेताओं ने भी मैदान संभाल लिया। पहले तो इसे लेकर भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया। वहीं शाम को भाजपा नेताओं ने इस पूरे मामले का विरोध किया और अधिकारियों को कार्रवाई को लेकर ज्ञापन दिया। भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे सहित कई भाजपा नेताओं ने सीएम को कहे अपशब्दों को लेकर अपना विरोध जताया और पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस मामले में विजय नगर पुलिस ने दो अलग-अलग केस दर्ज किए। इसमें एक केस कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल पर किया वहीं दूसरा केस अन्य कांग्रेस नेताओं पर दर्ज किया। इधर, केस दर्ज होने के बाद विजय नगर पुलिस ने आरोपी कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल को शुक्रवार रात को गिरफ्तार कर लिया। विजय नगर टीआई रविंद्र गुर्जर ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी इंदौर से भागने की तैयारी में था। मुखबिर से जैसे ही सूचना मिली वैसे ही पुलिस ने बाइपास से उसे गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। कांग्रेस नेता पर दर्ज अन्य केस की जानकारी भी निकाली जा रही है।