अंधेकत्ल में अब तक एक भी सुराग नहीं मिला
इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र में गत दिनों एक महिला का धड़ मिलने के मामले में पुलिस अब तक खाली हाथ ही है। इस अंधेकत्ल के मामले में कई दिन बीत जाने के बाद भी अब तक पुलिस उसकी शिनाख्त नहीं कर सकी है। न ही महिला का सिर मिला है। यह अंधाकत्ल पुलिस के पहेली बन गया है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने खंगाले, लेकिन पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस को अंदेशा है कि ये घटना संभवत: गुजरात या महाराष्ट्र में हुई है और बॉडी को यहां लाकर फेंका गया है।
18 फरवरी को सिमरोल पुलिस को कुछ लोगों से सूचना मिली कि सिमरोल से आगे अहिल्या पठार पहाड़ी के सामने इंदौर खंडवा रोड किनारे की खाई में एक महिला की लाश मिली। लाश 3 से 4 दिन पुरानी थी। चौंकाने वाली बात यह थी कि पुलिस को महिला का सिर्फ धड़ ही मिला, उसका सिर लापता था। महिला की उम्र करीब 20-30 साल के बीच की है। चेक प्रिंट में पिंक कलर की सलवार-कुर्ता पहने महिला का शव मिला था। लाश मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
शव मिलने के बाद सिमरोल पुलिस उसकी तलाश में जुटी। महिला के शव के फोटो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया, ताकि उसके बारे में कुछ जानकारी मिल सके। इसके बाद पुलिस ने इंदौर और इंदौर के आसपास के थानों में इस उम्र की गुम इंसान की जानकारी भी मांगी। मगर यहां भी पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले पर उससे भी कोई मदद नहीं मिली।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सर्चिंग भी की, लेकिन पुलिस को महिला का सिर नहीं मिला। जिस कंबल में महिला का धड़ मिला। पुलिस उस कंपल और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। एसपी ग्रामीण भगवत सिंह विरदे के मुताबिक फिलहाल महिला का सिर नहीं मिला है। उसकी तलाश जारी है। हालांकि पुलिस को इस बात की भी आशंका है कि हत्या के बाद महिला का सिर कहीं और फेंक दिया हो।
इधर, एसपी का कहना है कि घटना को देख पहली नजर में यहीं लग रहा है कि महिला के शव को यहां फेंका गया है। अंदेशा है कि गुजरात या महाराष्ट्र में घटना को अंजाम दिया गया और शव को यहां लाकर फेंका गया है। पूरे मामले में पुलिस जांच कर रही है और महिला की पहचान करने के प्रयास जारी है।
इंदौर
महिला का न सिर मिला न हुई शिनाख्त
- 03 Mar 2023