Highlights

देश / विदेश

मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट: 28 या 29 जून को मंत्रियों के बदल सकते हैं विभाग, नए चेहरों को मिल सकती है जगह

  • 26 Jun 2026

नई दिल्ली: केंद्र सरकार में जल्द ही बड़े स्तर पर कैबिनेट फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (28 जून) या सोमवार (29 जून) को अपने मंत्रिपरिषद में बदलाव कर सकते हैं। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन राजनीतिक गलियारों चर्चाओं का बाजार गर्म है, क्योंकि 23 जून को ही पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी।
चर्चा है कि प्रस्तावित फेरबदल में कुछ नए चेहरों को केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है, जबकि कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बदलाव हो सकता है। कैबिनेट में फेरबदल की चर्चाएं ऐसे समय में हो रही हैं, जब सरकार उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बीजेपी भविष्य की राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए जनता को एक मैसेज देने की कोशिश कर सकती है।
वहीं हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ नेताओं और पार्टी संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें की हैं। इससे कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की अटकलों को और बल मिला है। इसके अलावा, कुछ राज्यों को मंत्रिमंडल में अधिक प्रतिनिधित्व देने पर भी विचार किए जाने की चर्चा है। वहीं, संगठन में नई जिम्मेदारियां मिलने के कारण कुछ नेताओं को सरकार से हटाकर पार्टी कार्य में लगाया जा सकता है।
इससे पहले 23 जून को केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन ने इस्तीफा दे दिया था। उसी दिन राष्ट्रपति मुर्मू की ओर से उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया था।
साभार नवभारत टाइम्स