लखनऊ. होली और रमजान जैसे बड़े त्योहारों के चलते कई जिलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में हो रही छापेमारी में हजारों किलो मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं, जबकि बड़ी मात्रा में सामान मौके पर ही नष्ट कराया गया. प्रशासन का साफ कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.
बड़ी कार्रवाई यूपी के बाराबंकी में देखने को मिली. यहां खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 100 किलो पनीर और 200 किलो रंगीन कचरी को जब्त कर नाले में बहा दिया. इसके अलावा करीब 50 हजार रुपये मूल्य का खाद्य पदार्थ नष्ट किया गया. सहायक खाद्य आयुक्त शैलेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
वहीं आजमगढ़ में भी खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गोदाम पर छापा मारा. यहां से आगरा से लाए गए करीब 3.35 लाख रुपये मूल्य के मिलावटी खोया, काजू बर्फी, पनीर और अन्य मिठाइयों को जब्त किया गया.
सभी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें नष्ट कराया गया. सहायक आयुक्त सुशील कुमार मिश्र ने लोगों से अपील की कि वे चमकीले और रंगीन खाद्य पदार्थों से बचें और पैक्ड सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट जरूर जांचें.
साभार आज तक
देश / विदेश
यूपी में मिलावटखोरों पर 'सर्जिकल स्ट्राइक': होली-रमजान से पहले हजारों किलो ज़हरीला पनीर और खोया नष्ट
- 26 Feb 2026



