Highlights

इंदौर

वाहन पोर्टल पर शिफ्ट किया जा रहा कमर्शियल वाहनों का डाटा

  • 10 Mar 2023

इंदौर। आरटीओ ऑफिस में अब फिटनेस की व्यवस्थाएं बदलने वाली हैं। अब तक वाहन मालिक जिस स्मार्ट कार्ड सर्वर से आवेदन करते थे वह 27 फरवरी से बंद हो चुका है। नए आवेदन 14 या 15 मार्च से वाहन पोर्टल पर चालू होंगे। अभी ऑफलाइन फिटनेस किये जा रहे। सभी आवेदनों को 14 मार्च के बाद पोर्टल पर चढ़ाया जाएगा।
नायता मुंडला स्थित आरटीओ ऑफिस के सभी कार्य अब वाहन पोर्टल पर होंगे। नान कमर्शियल के बाद अब कमर्शियल वाहनों को भी वाहन पोर्टल से जोडा जा रहा है। सभी कमर्शियल वाहनों का डाटा ट्रांसफर कर वाहन पोर्टल पर शिफ्ट किया जा रहा है। वाहनों के रजिस्ट्रेशन और अन्य काम वाहन पोर्टल पर ही होंगे। फिटनेस, परमिट जैसे काम भी वाहन पोर्टल पर ही होंगे। स्मार्ट चिप सर्वर पर हुए आवेदनों का निराकरण कर दिया गया हैं। अब नए पोर्टल के हिसाब से ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। नए पोर्टल का कार्य 14 या 15 मार्च से शुरू होगा। इस दौरान वाहन मालिकों को परेशानी से बचाने के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट ऑफलाइन किए जा रहे हैं। ऑफलाइन किए गए फिटनेस की फाइल पोर्टल शुरू होने पर उस पर अपलोड की जाएगी।
सभी काम वाहन पोर्टल पर होंगे
एक अगस्त 2022 से परिवहन विभाग ने नॉन कमर्शियल वाहनों के रजिस्ट्रेशन और अन्य प्रक्रिया को वाहन पोर्टल पर शुरू किया था। लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पोर्टल पर की जा रही थी। अब कमर्शियल वाहनों को भी वाहन पोर्टल पर शिफ्ट किया गया है। एआरटीओ अर्चना मिश्रा का कहना है अब सभी काम वाहन पोर्टल से ही होंगे। पुराने स्मार्ट चिप सर्वर का डाटा वाहन पोर्टल पर शिफ्ट किया जा रहा है।