Highlights

देश / विदेश

शीत लहर का अलर्ट: 24 दिसंबर के बाद और बढ़ेगी कनकनी, कोहरे से ढके राज्य

  • 20 Dec 2025

नई दिल्ली। पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्य राज्य मौसम की दोहरी मार की चपेट में हैं। एक ओर मैदानों में घना कोहरा, सूखी ठंड और बढ़ता वायु प्रदूषण जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी राज्यों में लंबे सूखे के बाद अब बारिश और बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 23 दिसंबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण पहाड़ों में मौसम बदल सकता है, लेकिन मैदानों में फिलहाल राहत सीमित ही रहने की संभावना है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर भारत और आसपास के इलाकों में दो पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी हैं। एक ईरान और आसपास के क्षेत्रों में, जबकि दूसरा जम्मू-कश्मीर के आसपास बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण ऊपरी वायुमंडल में तेज पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम शुष्क, ठंडा और अस्थिर बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में बादल तो छाए हैं, लेकिन अभी तक अधिकांश स्थानों पर पर्याप्त बारिश या बर्फबारी नहीं हो पाई है।
पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड भी पड़ रही है। शुक्रवार को दोनों राज्यों में कई जगह पर ठिठुरन महसूस की गई। पंजाब के होशियारपुर में सबसे ज्यादा ठंड रही और न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर पूर्व राजस्थान के कई इलाके में भी घना कोहरा देखा गया, खासतौर पर सुबह के समय कोहरा कुछ ज्यादा ही घना रह रहा है। 24 दिसंबर के बाद राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने की भी संभावना है।
साभार अमर उजाला