Highlights

देश / विदेश

शिवसेना UBT में फिर बड़ी बगावत का खतरा: 6 सांसदों के गायब होने पर संजय राउत का तीखा हमला, शेयर की विवादित तस्वीर

  • 20 Jun 2026

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच जारी जुबानी जंग अब और भी तेज और चुभाने वाली हो गई है। उद्धव ठाकरे गुट (Shiv Sena UBT) के 6 लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने की अटकलों के बीच शनिवार को राज्यसभा सांसद और यूबीटी नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया पर एक बेहद तीखा और परोक्ष हमला बोला है। संजय राउत ने एक तस्वीर शेयर की जिस पर हिंदी में लिखा था, “कुछ लोग कुत्ते तो होते हैं, लेकिन वफादार नहीं होते।” इस पोस्ट को शेयर करते हुए राउत ने कैप्शन में लिखा, “जय महाराष्ट्र!”
संजय राउत का यह पोस्ट ऐसे समय में आया है जब उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट को 2022 की ऐतिहासिक बगावत के बाद पार्टी में दूसरे सबसे बड़े विभाजन के खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
शिवसेना (UBT) का यह संकट गुरुवार को उस समय और गहरा गया जब नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में बुलाई गई संसदीय दल की महत्वपूर्ण बैठक से पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 गायब रहे। इस बैठक में केवल अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे ही शामिल हुए थे। बैठक से नदारद रहने वाले बागी सांसदों में नागेश पाटिल-आष्टीकर, संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, ओमप्रकाश राजे निंबालकर और भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हैं।
इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने पत्रकारों से कहा, "ये लोग जो खुद को शिवसैनिक कहते थे, कायर हैं। शिवसैनिक इतने कायर नहीं होते। ये खुद को शिवसैनिक मानते हैं और अब छिपने के लिए कहां गए हैं? जयपुर में।"
संजय राउत ने आगे कहा, "कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। हम इन्हें अयोग्य ठहराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। अगर लोकसभा के अध्यक्ष नियमों, कानून और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार काम करते हैं तो ये लोग निश्चित रूप से अयोग्य घोषित कर दिए जाएंगे।"
साभार लाइव हिन्दुस्तान