शहर में बस्ती-बस्ती और जिले में गांव- गांव पहुंचेगी
इंदौर। प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ इंदौर जिले में भी आगामी 5 फरवरी से विकास यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा इंदौर शहर में हर वार्ड की बस्ती-बस्ती तथा जिले के गांव-गांव पहुंचेगी। यह यात्रा 20 दिन तक चलेगी। इस यात्रा की व्यापक तैयारियां प्रारंभ हो गई है। यात्रा की तैयारियों को लेकर गत दिनो जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक कलेक्टर कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में यात्रा की तैयारियों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से वर्चुअली संबोधित किया।
तैयारियों संबंधी बैठक में सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर, कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी, विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय तथा श्री महेंद्र हार्डिया, पूर्व विधायक श्री राजेश सोनकर तथा श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री गौरव रणदिवे, इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष श्री मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में बताया गया कि सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। यात्रा के दौरान राज्य शासन की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। यात्रा के दौरान नागरिकों को शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न हितग्राही मूलक तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। उन्हें राज्य शासन द्वारा किए जा रहे विकास संबंधी कार्यों के बारे में भी बताया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमि पूजन भी होगा।
इंदौर
5 फरवरी से प्रारंभ होगी विकास यात्रा
- 30 Jan 2023



