Highlights

इंदौर

550 कर्मचारियों ने की साफ-सफाई; लगा ही नहीं कि यहां जमकर रंग-गुलाल उड़े

  • 13 Mar 2023

इंदौर। स्वच्छता में लगातार 6 बार नंबर वन का तमगा हालिस करने वाले इंदौर ने रंगपंचमी के मौके पर भी स्वच्छता का संदेश दिया। दरअसल रंगपंचमी पर इंदौर में करीब 5 घंटे तक रंगबिरंगी गेर की धूम रही। राजवाड़ा समेत आसपास की सडक़ें होली के रंगों में रंगी नजर आई। जिसके बाद सफाईकर्मियों ने मोर्चा संभाला। महज एक घंटे में ही राजवाड़ा को चकाचक कर दिया। ऐसा लगा मानो यहां कुछ हुआ ही नहीं हो।
परंपरागत गेर के बाद नगर निगम के करीब 550 कर्मचारियों की टीम मशीनों के साथ मैदान में उतरी। गेर के कारण सडक़ों पर फैले रंग-गुलाल, थैलियां, चप्पल-जूते, कपड़ों के टुकड़ों को साफ करने में जुट गई। अलग-अलग हिस्सों में कर्मचारियों ने मैदान संभाला और एक से डेढ़ घंटे में ही सडक़ें क्लिन कर दी।
इंटरनेशनल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के सीईओ मोहन पांडेय ने बताया कि साफ-सफाई में 550 कर्मचारियों का अमला, 15 स्वीपिंग मशीन, 5 हाईप्रेशन जेट्स जुटे। 10 कचरा कलेक्शन वाहन, 10 से ज्यादा ट्रेक्टर भरकर जूते-चप्पल व अन्य कचरा भरकर ले जाया जा चुका हैं। पिछले साल से तीन से चार गुना कचरा ज्यादा है। केवल राजवाड़ा पर 8 से 10 टन कचरा हुआ है। वहीं नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि राजवाड़ा और उसे जोडऩे वाले सभी रास्तों की सफाई की गई। हमने एक से डेढ़ घंटे में ही राजवाड़ा को साफ कर दिया है।
कुछ ही घंटों में पहले जैसे हो गया इलाका
गेर की शुरूआत के पहले राजवाड़ा और आसपास का इलाका जैसा था, कर्मचारियों की कुछ घंटों की मेहनत के बाद उसे वापस वैसा ही कर दिया। सुबह जहां लाखों लोग राजवाड़ा और उसके आसपास थे। दोपहर में सफाई के बाद लगा ही नहीं कि यहां इतने लोगों ने रंग गुलाल खेला होगा।
बना लिया था प्लान
गेर के बाद सफाई के लिए नगर निगम और मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने पहले ही प्लान बना लिया था। गेर के कारण सडक़ों पर फैले रंग-गुलाल और अन्य की सफाई की जिम्मेदारी कर्मचारियों के कंधों और मशीनों पर दी। कर्मचारियों ने भी रंगपंचमी के इस उत्साह के बाद राजवाड़ा और आसपास के हिस्सों को साफ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कर्मचारियों ने हाथों में झाड़ू आदि सामान लेकर इलाके को पहले की तरह चमका दिया।
कलेक्टर ने दी सभी को बधाई: जताया आभार
रंग पंचमी के अवसर पर इंदौर के ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत गैर के निर्विध्न एवं शांतिपूर्ण सफल आयोजन पर कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी. ने इंदौर के नागरिकों, गैर आयोजकों  और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि यह समग्र रूप से इन्दौरवासियों के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है । कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी. ने गैर में सहभागी बने सभी शासकीयसेवकों, नगर निगम कर्मचारियों, सफाईकर्मियों, विद्युत मंडल के कर्मचारियों सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा मीडियाकर्मियों  को भी बधाई देते हुए सभी के सक्रिय योगदान पर साधुवाद दिया है।
तत्परतापूर्वक सफाई करने पर जताया हर्ष
कलेक्टर डॉ.इलैयाराजा टी. ने  गैर की समाप्ति के तुरंत बाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा राजबाड़ा क्षेत्र की साफ सफाई को समय सीमा में पूर्ण करने पर प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि यही इंदौरी जज्बा है, जो हमें वास्तव में सर्वश्रेष्ठ बनाता है।