इंदौर। फाइनेंस कंपनी में कार्यरत कर्मचारी के साथ लूट की वारदात हो गई। वह रिकवरी करके लौट रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने रोका और चाकू से हमला कर बैग ले गए। पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने रैकी कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस को अभी तक आरोपियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मानपुर पुलिस ने बताया कि फरियादी रोशन पिता धूलजी अहिरवार निवासी महूगांव चौकी डोंगरगांव ने शिकायत दर्ज कराई कि वह बैंक में रिकवरी का काम करता है। सोमवार को वह दो गाडिय़ों की रिकवरी करने घर से साथी के साथ निकला था। दोनों गाडिय़ों की किस्त के रुपए एकत्र कर घर के लिए निकले। दोपहर डेढ़ बजे एबी रोड ब्रिज पर ग्राम जानापाव कुटी पर बाइक सवार बदमाशों ने रोका और चाकू दिखाकर बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से हमला कर बैग छीन लिया और भाग निकले। फरियादी ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी रोशन का प्राथमिक उपचार कराते हुए घटना की जानकारी ली और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में पुलिस ने बताया कि जिस तरह से वारदात हुई, उसे देखकर लग रहा है कि बदमाशों ने रैकी कर वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर से दर्शन कर जा रही वृद्धा की चेन लूटी
इंदौर। एक महिला के गले से सोने की चेन बदमाशों ने लूट ली। वह मंदिर से दर्शन करके वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार आए और चेन छीन कर भाग गए। सुधा पति नरेंद्र खंडेलवाल (70) निवासी स्कीम 74 विजय नगर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि घर के पास के मंदिर से दर्शन कर के पैदल ही घर जा रही थी। वह जैसे ही मंदिर के बाहर आई एक बाइक पर सवार दो आरोपी आए और उनके गले से डायमंड पेंडेंट लगी सोने की चेन झपट कर ले गए। चेन का वजन 12 ग्राम के करीब है।
एडवाइजरी कंपनी पर छापा
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने मंगलवार शाम एबी रोड स्थित फर्जी एडवाइजरी कंपनी सक्सेस पर छापा मारा। पुलिस को यहां से संचालक सहित 22 युवक-युवतियां काम करते हुए मिले। एडिशनल डीसीपी जोन-2 राजेश व्यास के मुताबिक लुधियाना(पंजाब) निवासी रजनीश पुत्र जोगिंदरलाल द्वारा धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस को छापे में 44 लाख रुपये का हिसाब भी मिला है। हालांकि देर रात तक पुलिस घटना स्थल में उलझी रही और केस दर्ज नहीं किया।