Highlights

इंदौर

Crime Graph

  • 25 Apr 2022

जहर खाकर दी जान, एक अन्य ने किया आत्मदाह, मौत
इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। वहीं एक अन्य आत्मदाह कर लिया। झुलसी अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पहली घटना छोटी खजरानी की है। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम उमेश पिता डालूराम है, वह पीएचई विभाग में पदस्थ था, उसने जहर खा लिया परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उमेश ने एक मकान बैंक से फाइनेंस करवा कर खरीदा था, कुछ समय से आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह बैंक की किस्तें नहीं चुका पा रहा था, 3 दिन पहले उसके मकान को बैंक ने सील कर दिया। माना जा रहा है कि इसी से वह डिप्रेशन में था, मामले में पुलिस जांच कर रही है। उधर, राऊ में रहने वाले एक युवक ने आत्मदाह कर अपनी जान दे दी। पत्नी से विवाद के बाद उसने जानलेवा कदम उठाया था। एमवाय अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम मिथुन पिता सदाशिव निवासी रंगवासा राऊ है। उसके रिश्तेदार भोला ने उसे पिछले दिनों बड़े अस्पताल में भर्ती किया था। परिजन के अनुसार मिथुन मजदूरी करता था। उसका एक भाई बीमार है जो दूसरे शहर में भर्ती है। खाना बनाने की बात पर पत्नी से उसका विवाद हुआ था। वह इतना दुखी हो गया कि उसने घर में खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां बीती रात उसने दम तोड़ दिया।

टक्कर मारी और कर दिया घायल
इंदौर। एक युवक पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। बंटी पिता रमेश धाकड़ (20) की शिकायत पर सोनू और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बंटी ने बाणगंगा पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसकी गाड़़ी को टक्कर मार दी थी। इस पर आरोपी को ठीक से गाड़ी चलाने का बोला। आरोपी हथियार लेकर आ गए और उस पर हमला कर दिया। उसके साथ में मारपीट की। उसके हाथ और सिर में चोट आई है। पिता ने बीच-बचाव किया तो उन पर भी चाकू से हमला कर दिया।

दो बहनों को पीटा
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के रस्सी मैदान में रहने वाली दो बहनों के साथ में पड़ोसी पति-पत्नी ने मारपीट कर दी। आरोपियों के घर पर किसी ने पत्थर मारे तो उन्होंने बहनों पर आरोप लगाते हुए उनके साथ में मारपीट कर दी। सपना अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने सुनिता सोनी, उसके पति भगवानदास साहू के खिलाफ केस दर्ज किया है। सपना ने बताया कि आरोपियों के घर पर किसी ने पत्थर फेंके थे। इसी बात को लेकर आरोपी उनके घर पर आए और उन पत्थर फेंकने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने विवाद करना शुरू कर दिया। तीनों ने मारपीट की। जब उसकी बहन रानी बीच-बचाव करने के लिए आई तो आरोपियों ने उसके साथ में भी मारपीट की। रानी के हाथ में चोट आई है।

जिलाबदर बदमाश पकड़ाया
इंदौर। राजेंद्र नगर पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ा। उस पर पिछले दिनों जिलाबदर की कार्रवाई हुई थी, लेकिन वह अपने घर ही रह रहा था। अब उस पर रासुका की कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार बदमाश का नाम दिवाकर निवासी भीमनगर है। सहायक उप निरीक्षक बीएस ठाकुर ने उसे कल उसके घर से ही पकड़ा। दरअसल मुखबिर ने उसके बारे में सूचना दी थी। दिवाकर आदतन बदमाश है। उसके खिलाफ दर्जनभर प्रकरण दर्ज है। पिछले दिनों ही उसे जिला बदर किया गया था जिला बदर अवधि के बावजूद वह अपने घर पर ही रह रहा था।

बाणगंगा थाने में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
इंदौर। पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवार के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बाणगंगा थाने में शिविर आयोजित किया गया। इसमें डॉक्टरों ने उनकी विभिन्न प्रकार की जांच पड़ताल की। उक्त शिविर में अरविंदो हॉस्पिटल के डॉक्टर्स एवं उनकी टीम द्वारा पुलिसकर्मियों की विभिन्न शारीरिक समस्याओं के उपचार हेतु विभिन्न प्रकार की जांच की गई। इसमें विशेष रूप से 40 साल से ऊपर के सभी पुलिस कर्मचारियों का ब्लड प्रेशर, शुगर, कोलेस्ट्रॉल, लिपिड प्रोफाइल आदि टेस्ट किए गए। डॉक्टर्स ने पुलिस कर्मचारियों को फिट रहने के संबंध आवश्यक टिप्स भी दिए हैं।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी लेकर पीडि़ता थाने पहुंची
इंदौर। धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे बडऩगर के कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण की गिरफ्तारी को लेकर पीडि़ता एमजी रोड थाने पहुंची। थाना प्रभारी डीवीएस नागर ने बताया कि दुष्कर्म के मामले में करण पर महिला थाने में प्रकरण दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने बडऩगर के डॉक्टर देवेन्द्र स्वामी से झूठा मेडिकल सर्टिफिकेट बनवा लिया था। झूठे सर्टिफिकेट की जांच के बाद पुलिस ने डॉक्टर और आरोपी करण पर केस दर्ज किया था। मामले में पिछले दिनों डॉक्टर को हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है, जबकि करण की जमानत याचिका खारिज कर दी है। करण अब तक गिरफ्तार नहीं हुआ है। इसकी शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर पीडि़ता थाने आई थी। पुलिस ने उसकी बात गंभीरता से सुनी और समझाइश देकर रवाना कर दिया है।