विशाखापत्तनम। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि चक्रवाती तूफान मोंथा आज आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान मोंथा आज रात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा इलाके में तट से टकराएगा। चक्रवाती तूफान के असर से देश के कई तटीय राज्यों में भारी बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए विशाखापत्तनम से जाने वाली करीब 43 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी विशाखापत्तनम से गुजरने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। सोमवार को दिल्ली-विजाग की एक उड़ान को भुवनेश्वर डायवर्ट किया गया। विजवाड़ा एयरपोर्ट पर भी कई सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
हिंद महासागर में चक्रवातों की निगरानी के लिए WMO-ESCAP (Economic and Social Commission for Asia and the Pacific) नामक संगठन बनाया गया। यही तय करता है कि तूफानों के नाम कैसे तय होंगे और कौन इन्हें रखेगा। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में आने वाले तूफानों के नाम देने वाली टीम में पहले 8 देश शामिल थे, जिनमें- भारत, बांग्लादेश, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान श्रीलंका और थाईलैंड का नाम शामिल था। साल 2018 में WMO-ESCAP की एक और बैठक हुई और इसी बीच नाम रखने वाले देशों की लिस्ट में पांच नए देशों का नाम भी शामिल हो गया। यानी अब कुल 13 देश मिलकर तूफानों के नाम रखते हैं। इनमें - भारत, श्रीलंका, थाईलैंड, यूएई, यमन, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, बांग्लादेश, ईरान, मालदीव, म्यांमार और ओमान शामिल हैं। इनमें से हर देश 13 नाम सुझाता है, जो बोलने में आसान और किसी भी तरह से विवादित नहीं होते हैं।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
तूफान मोंथा के चलते कई ट्रेनें-फ्लाइट रद्द, कई राज्यों में रेड अलर्ट
- 28 Oct 2025



