Highlights

इंदौर

आर्य ने साधा राहुल पर निशाना- मोदी जमीन पर बैठकर लोगों से मिलते हैं, ये रेड कारपेट पर चलते हैं, रेड कारपेट वाले ही हैं

  • 26 Nov 2022

इंदौर। मध्यप्रदेश में 45 वर्ष कांग्रेस की सरकार रही लेकिन महू में डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक क्यों नहीं बनाया गया था। यहां स्मारक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बनवाया और भाजपा की केंद्र सरकार ने रेलवे स्टेशन का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा। 1952 के लोकसभा चुनाव में डॉ. भीमराव अंबेडकर को उत्तर मुंबई से हराने का पाप क्यों किया और 1954 में भंडारा लोकसभा के उप चुनाव में हराया। इस कारण उनका सार्वजनिक जीवन समाप्त करने का प्रयास क्यों किया। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकारों में डॉ. अंबेडकर के नाम से एक भी विश्वविद्यालय क्यों नहीं बनाया।
यह बात भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने शुक्रवार को इंदौर में मीडिया से कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के अंतर्गत महू स्थित बाबा साहब अंबेडकर के राष्ट्रीय स्मारक पर जाने वाले हैं। जिस कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर का सार्वजनिक अपमान किया उनके सार्वजनिक जीवन को समाप्त करने का कार्य किया उस कांग्रेस को बाबा साहब के स्मारक पर जाने का कोई अधिकार नहीं है। वे गरीबों के आदमी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जमीन पर बैठकर लोगों से मिलते हैं जबकि वे रेड कार्पेट पर चलते हैं, रेड कार्पेट वाले ही नेता हैं।
अंबेडकर को भारत रत्न का सम्मान क्यों नहीं दिया गया
उन्होंने कहा कि एक देश एक संविधान के विरोध में जाकर कांग्रेस की नेहरू सरकार ने धारा 370 लगाकर संविधान का अपमान क्यों किया जिसके कारण अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों को अधिकारों से वंचित रहना पड़ा। कांग्रेस की देश के अधिकांश प्रदेशों में सरकार रही लेकिन उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े एक भी स्थान पर राष्ट्रीय स्मारक क्यों नहीं बनाएं। कांग्रेस की केंद्र सरकार के रहते डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न का सम्मान क्यों नहीं दिया गया जबकि उन्होंने गरीबों वंचितों के सम्मान में समानता के लिए सकारात्मक संघर्ष किया था।
संसद के सेंट्रल हॉल में डॉक्टर अंबेडकर का तेल चित्र तक नहीं लगाया
आर्य ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में संसद के सेंट्रल हॉल में डॉक्टर अंबेडकर का तेल चित्र क्यों नहीं लगाया गया। 1975 में देश भर पर कोई आंतरिक व बाहरी संकट नहीं था फिर भी देश में आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या कांग्रेस सरकार ने क्यों की थी। कांग्रेस सरकारों में एक भी योजना का नाम अंबेडकर के नाम से क्यों नहीं बनाई गई थी।