दंपति में चल रहा है तलाक का केस
इंदौर। इंदौर में रहने वाले एक युवक ने राजस्थान के उदयपुर में एसिड अटैक कर दिया। वह गिलास में तेजाब लेकर पहुंचा और पत्नी पर फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। तेजाब से महिला का चेहरा, गर्दन और हाथ बुरी तरह झुलस गए। घायल अवस्था में उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया।
घटना उदयपुर के धानमंडी थाना क्षेत्र में मालदास स्ट्रीट स्थित सुराणों की सेहरी में दोपहर करीब 2:30 बजे की है। जब आरोपी 40 वर्षीय मोहित रोहिड़ा ने स्कूटी से दवाई लेने पहुंची एक महिला के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहित रोहिड़ा फिलहाल इंदौर में रह रहा है। वह यहां आता-जाता रहता है। सेक्टर-14 स्थित निवासी पीडि़ता अपनी भाभी के साथ मालदास स्ट्रीट स्थित सुराणों की सेहरी में दवा लेने पहुंची थी। उसी वक्त पास की गली में उसका पति छिपा हुआ था। महिला ने दवा लेने के लिए अपनी स्कूटी खड़ी की, तभी आरोपी मोहित ग्लास में तेजाब भरकर तेजी से उसकी तरफ दौड़ता हुआ पहुंचा।
महिला खुद को संभाल पाती, उससे पहले ही उसने उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया। तेजाब से उसके चेहरे और कपड़े झुलस गए। इस घटना का पता लगने पर आसपास लोग भी हैरान रह गए। उनकी मदद से पीडि़त महिला को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
धानमंडी थाना पुलिस के एएसआई बिहारी लाल ने बताया कि 16 साल पहले इनकी शादी हुई थी। इनके एक 16 साल का लडक़ा और एक 12 साल की लडक़ी हैं। कुछ समय से इनके बीच अनबन के चलते तलाक तक मामला जा पहुंचा है। घटना के बाद पीडि़त पक्ष की ओर से रिपोर्ट दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
इंदौर
इंदौर के युवक ने उदयपुर में पत्नी पर फेंका तेजाब
- 05 May 2023



