इंदौर। भिक्षुकों को भिक्षा देने से हम पुण्य काम नहीं करते। यह केवल अपने मन को दिलासा भर देना है। दी गई भीख से कई बच्चे नशे की ओर आगे बढ़ जाते हैं। अनेक भिक्षुक मानसिक रूप से असहाय हो जाते हैं तब हम उनको तात्कालिक सहायता कर देते हैं, किंतु उनका उचित इलाज करवाना जरूरी होता है।
उक्त विचार विश्व महिला दिवस पर समाज सेवा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित महिला सम्मान कार्यक्रम में समाज सेवी व भिक्षावृति उनमूलन से जुड़ी कार्यकर्ता सुश्री रूपाली जैन ने व्यक्त किए। कार्यक्रम में रूपाली जैन के अलावा सुश्री पूजा गर्ग ( शूटिंग), सुश्री ऋतु नरावले (महिला ई बस चालक), सुश्री कन्या नायर (तैराकी) को उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए शाल,श्रीफल व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समाज सेवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आलोक खरे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हमारी महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही हैं तथा विश्व मानचित्र पर अपना परचम लहरा रही हैं। उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं है। इस अवसर नृत्यांगना सुश्री निवेदिता पंड्या ,एडवोकेट व समाजसेवी सुश्री अंजुम पारिख, शिक्षाविद सुश्री रंजना नाइक,बैंक अधिकारी सुश्री आभा कपूर ने भी उपस्थित श्रोताओं के समक्ष अपनी बात रखते हुए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का संचालन सुश्री वर्षा पाठक ने तथा आभार प्रदर्शन सुश्री प्रतिभा साबू ने माना।
इंदौर
उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान ... भिक्षुकों को हम भिक्षा नहीं शिक्षा दे और उनका पुनर्वास करें
- 07 Mar 2023