इंदौर। शहर में अलग-अलग स्थानों पर एक कॉलेज छात्रा सहित पांच लोगों ने खुदकुशी कर ली।
पहला मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के श्रद्धा सबुरी कॉलोनी का है। मृतिका का नाम दीक्षा पिता विनोद है। रिश्तेदार विपिन ने दीक्षा को एमवाय अस्पताल पहुंचाया था। मिली जानकारी के अनुसार दीक्षा कल दिन में खाना खाने के बाद ऊपर अपने कमरे में चली गई। परिजनों को लगा कि वह सो रही होगी। करीब 2 घंटे बाद उसकी छोटी बहन उसके कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से लगा हुआ था। जब काफी देर बजाने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजे को तोड़ा गया तो दीक्षा फंदे पर लटकी हुई मिली। उसने जानलेवा कदम क्यों उठाया परिजन इसकी जानकारी नहीं दे पाए। द्वारकापुरी पुलिस मामले में जांच कर रही है।
इसी प्रकार खुदकुशी का दूसरा मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र के मयूर नगर मूसाखेड़ी का है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का नाम संतोष है, जो पेशे से आटो चालक था। वह शराब पीने का आदि था। कल उसकी पत्नी बाजार सामान खरीदने चली गई थी उसी दौरान उसने घर में फांसी लगा ली। खुदकुशी का तीसरा मामला पलासिया थाना क्षेत्र के रामनगर में सामने आया। यहां अशोक पिता भागीरथ ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। अशोक ने खुदकुशी क्यों की यह पता नहीं लगा है। इसी तरह एमआईजी थाना क्षेत्र के गोटू की चाल में रहने वाले अंकित पिता शिव प्रसाद ने भी फांसी लगा ली। अंकित के पिता का 3 महीने पहले ही निधन हुआ है। मां का निधन पहले ही हो चुका है। वह अकेला रहता था और मार्केटिंग का काम करता था। उसने अपने दोस्त को अपनी मोटरसाइकिल दी थी। शाम को दोस्त गाड़ी लौटाने आया तो वह फंदे पर झूलता मिला। अंकित भी शराब पीने का आदी था। वही खुदकुशी का पांचवा मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र के चिराड मोहल्ला मूसाखेड़ी का ही सामने आया है। यहां विकास पिता भगवत सिंह ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सभी मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
इंदौर
कॉलेज छात्रा सहित पांच ने की खुदकुशी
- 22 Aug 2022