Highlights

देश / विदेश

ग्लोबल लीडर मोदी: ओमान ने दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान, अब तक मिल चुके 29 विदेशी पुरस्कार

  • 19 Dec 2025

मस्कट।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'ऑर्डर ऑफ ओमान' से नवाजा गया है। इसके साथ ही उन्हें अब तक 29 देशों के सर्वोच्च विदेशी नागरिक सम्मान मिल चुके हैं। यह सम्मान न केवल प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत कूटनीति को दर्शाता है, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रभाव का भी संकेत देता है।
ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें ओमान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान दिया गया। यह यात्रा उनके तीन देशों के दौरे का अंतिम चरण थी। ऑर्डर ऑफ ओमान ओमान का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है, जिसकी शुरुआत वर्ष 1970 में सुल्तान कबूस बिन सईद ने की थी।
यह सम्मान भारत और ओमान के बीच मजबूत और पुराने रिश्तों को सम्मान देने के लिए दिया जाता है। यह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध, जनसंपर्क और वैश्विक शांति में योगदान के लिए दिया जाता है। इस अवसर को इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि भारत और ओमान के कूटनीतिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे हो चुके हैं।
सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ओमान के सुल्तान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत और ओमान के लोगों के बीच आपसी विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अरब सागर सदियों से दोनों देशों को जोड़ने वाला सेतु रहा है और यह सम्मान भारत की जनता और दोनों देशों के पूर्वजों को समर्पित है, जिन्होंने व्यापार और समुद्री संपर्क से रिश्तों की नींव रखी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत और ओमान की सदियों पुरानी दोस्ती को समर्पित किया है। मंत्रालय के अनुसार यह सम्मान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और 140 करोड़ भारतीयों तथा ओमान की जनता के बीच आपसी विश्वास का प्रतीक है। मंत्रालय ने इसे दोनों देशों के रिश्तों में नया अध्याय बताया।
साभार अमर उजाला