नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तपती गर्मी के बीच देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में धूल भरी आंधी व बारिश की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है।
मौसम विभाग के द्वारा 29 अप्रैल को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अप्रैल से 4 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 29-30 अप्रैल और फिर 2-4 मई के बीच गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। विशेष रूप से 29 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 29 अप्रैल को भीषण धूल भरी आंधी चलने की प्रबल संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले चार दिनों तक मौसम बेहद खराब रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। असम, मेघालय और नागालैंड में 29 अप्रैल से 3 मई तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
गर्मी के बीच बिगड़ेगा मौसम का मिजाज: उत्तर भारत में आंधी-तूफान तो पूर्वोत्तर में 'रेड अलर्ट' जैसी स्थिति
- 29 Apr 2026



