गणेश नगर में चल रही रामकथा में दिनोदिन उमड़ रहा भक्तों का सैलाब
इंदौर। राम का नाम ही इस देश की सनातनता और सार्वभौमिकता है। राम ही सत्य, सनातन और शाश्वत है। जन्म से लेकर मृत्यु तक के प्रसंगों में भी राम नाम ही सत्य होता है। राम का चरित्र काफी उदार है। जिसने भी स्वयं को श्रीराम से जोड़ा है, उसने हनुमान की तरह अद्भुत काम किए हैं। वैष्णव जन वही है जो दूसरों की पीड़ा दूर करें। राम के चरित्र में पुरूषार्थ, प्रेम, ममता, समता और एकता के सूत्र दिखाई देते हैं। राम के बिना इस सृष्टि और भारत भूमि की कल्पना नहीं की जा सकती। राम और कृष्ण का अवतरण सिर्फ भारत भूमि पर ही हो सकता है क्योंकि दुनिया के अन्य किसी देश की इतनी पुण्याई और पवित्रता नहीं हो सकती।
ये दिव्य विचार हैं रामकथा मर्मज्ञ आचार्य डॉ. सुरेश्वरदास रामजी महाराज के, जो उन्होंने मंगलवार को बर्फानी धाम के पीछे स्थित गणेश नगर में माता केशरबाई रघुवंशी धर्मशाला परिसर के शिव-हनुमान मंदिर की साक्षी में चल रही नौ दिवसीय रामकथा में व्यक्त किए। कथा का शुभारंभ तुलसीराम-सविता रघुवंशी, रेवतसिंह रघुवंशी, सुश्री शतांशी रघुवंशी, वत्सल दुबे, ओमप्रकाश राठौर, श्यामसिंह ठाकुर, अशोक वानपुरे, देवकरण यादव, नारायणसिंह बघेल, गौरीशंकर मालवीय, रामसिंह राजपूत एवं बाबूसिंह राजपूत सहित अनेक भक्तों द्वारा व्यासपीठ पूजन के साथ हुआ। इसके पूर्व भक्तों ने रामचरित मानस का भी पूजन किया। संयोजक तुलसीराम रघुवंशी ने बताया कि रामकथा का यह संगीतमय दिव्य अनुष्ठान पुष्प दंतेश्वर महादेव मंदिर एवं स्वाध्याय महिला भजन मंडली के तत्वावधान में 9 जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 1 से सायं 5 बजे तक होगा। कथा में बुधवार 3 जनवरी को श्रीराम जन्म महोत्सव, 4 जनवरी को श्रीराम सीता विवाह, 5 को श्रीराम वनगमन एवं केवट प्रसंग, 6 को भरत चरित्र, 7 को पंचवटी निवास एवं शबरी चरित्र, 8 को राम-सुग्रीव मित्रता तथा मंगलवार, 9 जनवरी को रावण वध एवं रामराज्याभिषेक प्रसंगों की कथा होगी।
डॉ. सुरेश्वरदास ने कहा कि राम इस देश की अस्मिता और गौरव के पर्याय हैं। उनके समूचे जीवन चरित्र में कहीं भी कोई दोष नहीं है। यह निर्दोषता ही उन्हें पूजनीय और वंदनीय बना गई। हमारे पतन के लिए कोई और जिम्मेदार नहीं हो सकता। हमारा अज्ञान, भ्रम, भय, संशय ही हमारा नाश करता है। धरती पर कोई और हमारा अहित कर ही नहीं सकता। संशय से जड़ता आती है। अल्पज्ञता, अकर्मण्यता और भीतर का प्रमाद ही हमारे सबसे बड़े शत्रु हैं। हमारा अंत:करण श्रद्धा संपन्न होगा तो हमारे अंदर श्रेष्ठ विचारों की ग्राह्यता होगी। भगवान श्रीराम प्रेम की मूर्ति और प्रेम के पर्याय हैं। शबरी, केवट और वनवासियों के बीच जाकर उन्होंने प्रेम ही बांटा है।
इंदौर
जन्म से लेकर मृत्यु तक राम ही सत्य, सनातन और शाश्वत -डॉ. सुरेश्वरदास
- 03 Jan 2024