राजगढ़। आगरा मुंबई नेशनल हाईवे पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजगढ़ के पचोर थाना क्षेत्र में मिठ्ठनपुर जोड़ के पास बारात लेकर जा रही पिकअप वाहन को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में पिकअप सवार करीब 20 लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार होकर बाराती शादी समारोह में जा रहे थे। सोमवार शाम जब वाहन पचोर के पास मिठ्ठनपुर जोड़ पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप वाहन सड़क पर कई पलटी खाते हुए किनारे जा गिरा। हादसे के बाद हाइवे पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 और पचोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पचोर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार शुरू किया। करीब 20 घायलों में से पांच की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का पचोर अस्पताल में इलाज जारी है।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा: बारातियों से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, 20 घायल
- 28 Apr 2026



