इंदौर। किशनगंज थाना क्षेत्र के चौपाटी पर गहरे गड्ढे में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लाश 2 दिन पुरानी लग रही है। मामले की जानकारी लगते ही किशनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और गहरे गड्ढे में से लाश को बाहर निकाला। दरअसल चौपाटी क्षेत्र में रेलवे का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान यहां पर तालाब टाइप का गहरा गड्ढा खोदा गया है। तभी, यहां से निकल रहे एक राहगीर की नजर गड्ढे में पड़ी तो उसने देखा गड्ढे में लाश तैर रही है। तुरंत मामले की जानकारी किशनगंज थाने को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाश को गड्ढे में से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल महू भेजा है। फिलहाल मामला संदिग्ध नजर आ रहा है पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।
जिलाबदर बदमाश पकड़ाया
इंदौर। पुलिस ने एक जिलाबदर बदमाश को पकड़ा है। उसे सप्ताह भर पहले ही 6 माह के लिए जिलाबदर किया था। लेकिन वह शहर में ही रह रहा था। जूनी इंदौर थाना प्रभारी योगेशसिंह तोमर के अनुसार पकड़े गए बदमाश का नाम सागर पिता प्रताप निवासी सिंधी कॉलोनी है। उस पर 20 से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज है। पिछले सप्ताह ही पुलिस ने उसे 6 माह के लिए जिलाबदर करवाया था। बावजूद उसके वह वापस शहर में आकर घर पर ही रहने लग गया था। पुलिस को पता लगा तो कल उसे घेराबंदी कर पकड़ा।