इंदौर। दो महिलाओं से दहेज मांगने के मामले सामने आए। एक महिला से जहां दहेज में 30 लाख रुपए की मांग की गई तो वहीं दूसरी से 25 लाख रुपए मांगे गए। दहेज नहीं लाने पर दोनों को घर से निकाल दिया। दोनों ने महिला पुलिस की शरण लेते हुए केस दर्ज कराया है।
महिला थाना पुलिस के अनुसार पहले मामले में बैराठी कालोनी में रहने वाली निष्ठा की शादी 16 नवंबर 2008 में ओरेंज काउंटी 6 बंगलो रोड के रहने वाले हितेंद्र राजदेव के साथ हुई थी। निष्ठा ने पुलिस को बताया कि सगाई में ससुराल वालों को 6 लाख रुपए नकद दिए थे। शादी में 40 तौला सोना और लाखों रुपए की गृहस्थी का सामान दिया गया था। शादी के कुछ दिनों बाद तक सब ठीकठाक चलता रहा। उसके बाद उससे नौकरों जैसा काम करवाया जाने लगा। परिवार में 15 लोग थे उनका काम अकेले निष्ठा को ही करना पड़ता था। उसकी सेहत पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता था। उसके बाद उसे कम दहेज को लेकर ताने मारे जाने लगे। वह सब सहती रही। इसी दौरान 2010 में उसे पुत्र रोमित और 2011 में पुत्री दुआ हुई। दो बच्चे होने के बाद भी उस पर होने वाले अत्याचारों में कमी नहीं आई। उससे पति हितेंद्र राजदेव,सास सरिता राजदेव और ससुर राजकुमार राजदेव दहेज में 30 लाख रुपए लाने की मांग करते हुए परेशान करने लगे। निष्ठा ने कहा कि वह इतना पैसा मायके से नहीं ला सकती तो उसके साथ मारपीट भी होने लगी। 28 सितंबर 2022 को तो ससुराल वालों ने निष्ठा को घर से ही निकाल दिया और कहा कि यदि 30 लाख नहीं लाई तो मार डालेंगे। कई रिश्तेदारों ने ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। निष्ठा ने महिला थाने पहुंचकर पीड़ा सुनाई। महिला थाना प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि निष्ठा राजदेव की शिकायत बाद उसके पति हितेंद्र राजदेव,सास सरिता राजदेव और ससुर राजकुमार राजदेव के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
इसी प्रकार नंदननगर में रहने वाली दीपिका ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी 22 फरवरी 2015 को नसरुल्लागंज सीहोर के रहने वाले राहुल जाट के साथ हुई थी। शादी में अल्टो कार,टू व्हीलर और लाखों रुपए का गृहस्थी का सामान दिया गया था। शादी के 6 माह बाद तक तो सब ठीकठाक चलता रहा उसके बाद दीपिका को ताने मारे जाने लगे कि हमें तो बड़ी गाड़ी चाहिए थी,दहेज भी कम दिया गया। उससे 25 लाख लाने को लेकर सताया जाने लगा। पति राहुल जाट,ससुर मिश्रीलाल जाट,बुआ सास सुगनाबाई और उनका बेटा गंभीर तोमर उसे प्रताडि़त करने लगे। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती थी। जुल्म सहते-सहते शादी के चार साल बाद दीपिका को बेटी कायरा हुई। उसके बाद तो प्रताडऩा और तेज हो गई। बड़ी कार की मांग की जाने लगी। उसने परिजनों को ये बात बताई तब मायके वालों ने डाउन पेमेंट देकर एक्सयूवी 300 दिलवाई। ये कार भी दीपिका के नाम से ली गई ताकि इसकी किश्तें मायके वाले ही भरें। उसके अलावा भी समय-समय पर मायके से पैसे मंगवाए गए। उसके बाद भी प्रताडऩा कम नहीं हुई। हद तो तब हो गई जब दीपिका को 25 लाख रुपए की मांग करते हुए 26 सितंबर 2022 को घर से मारपीट कर निकाल दिया गया। मायके वालों ने पति और ससुराल वालों को इंदौर बुलवाया और समझाइश दी लेकिन वे इस बात पर अड़े रहे कि यदि ये 25 लाख लेकर आई तो ही घर में रखेंगे। खाली हाथ आई तो इसे मार डालेंगे। महिला थाना प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि दीपिका की शिकायत बाद उसके पति राहुल जाट,ससुर मिश्री लाल जाट,बुआ सास सुगनाबाई और उनके बेटे गंभीर तोमर के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी गई है।
इंदौर
दो महिलाओं से दहेज में लाखों रुपए की मांग, नहीं लाने पर घर से निकाला, महिला थाने में केस दर्ज
- 18 Oct 2022