नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट इलाके में बुधवार देर रात झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 400 झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ढाई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि झुग्गियों के पास जमा कूड़े के ढेर में किसी ने सिगरेट या बीड़ी फेंक दी थी, जिसके आग लगी और बढ़कर झुग्गियों तक फैल गई।
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि रात करीब 11:54 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। शुरुआत में दो वाटर टेंडर, एक बीएफटी और तीन वाटर बाउजर भेजे गए थे। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में लगातार और गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कुल मिलाकर दमकल की नौ वाटर टेंडर, आठ वाटर बाउजर, दो बीएफटी, दो मोटर पंप, एक हाई टेंडर, एक आईआरटी और एक एफसीसी सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
दमकल अधिकारियों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे आग को मीडियम श्रेणी की घोषित किया गया। मौके पर डीसीएफओ ए.के. मलिक, डीओ संदीप दुग्गल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे और राहत व बचाव कार्य का नेतृत्व किया। करीब 2:20 बजे आग को चारों तरफ से घेर लिया गया और 2:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया, जो तड़के तक जारी रहा।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
दिल्ली के मटियाला में भीषण अग्निकांड: जलकर राख हुईं 400 झुग्गियां, मची चीख-पुकार
- 12 Mar 2026



