Highlights

दिल्ली

दिल्ली में फिर बढ़ा AQI

  • 22 Nov 2023

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर की हवा में मामूली राहत के बाद हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। मंगलवार को राजधानी में हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 372 पर था। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार तक हवा की गुणवत्ता इसी श्रेणी में रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बाकी हिस्सों - गाजियाबाद (346), गुड़गांव (331), नोएडा (330), फरीदाबाद (322) और ग्रेटर नोएडा (304) में भी एक्यूआई 'बहुत खराब' श्रेणी में रहा।
दिल्ली के कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' तक पहुंच गई। शाम 5 बजे बवाना में एक्यूआई 431 था, जबकि मुंडका में यह 420, पंजाबी बाग में 408 और जहांगीरपुरी में 407 दर्ज किया गया। नेहरू नगर, रोहिणी और वजीरपुर में यह 402 दर्ज किया गया। सैटेलाइट्स ने पंजाब में 513, उत्तर प्रदेश में 110 और हरियाणा में 54 पराली जलाने की घटनाओं का पता लगाया। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत पूर्वानुमान निकाय, डिसिजन सपोर्ट सिस्टम के अनुसार, दिल्ली के पीएम2.5 में पराली जलाने की हिस्सेदारी मंगलवार को 10.24 प्रतिशत थी, जो सोमवार को 2.25 फीसदी थी।
मंगलवार दिन के दौरान हवा की गति बढ़ी, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो सका। सोमवार रात और मंगलवार तड़के शांत हवाओं के बाद, दिन के दौरान कुछ घंटों के लिए हवा की गति 15 किमी प्रति घंटे तक बढ़ गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, मंगलवार रात को शांत हवा की स्थिति की संभावना नहीं हैं क्योंकि हवाएं तेज होने की संभावना है। लेकिन बुधवार शाम से इसमें कमी आने का अनुमान है। एक अधिकारी ने कहा, 'बुधवार को दोपहर तक 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान