Highlights

देश / विदेश

देशभर में ईद का जश्न: चांद दिखते ही झूम उठे अकीदतमंद; राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दीं शुभकामनाएं

  • 21 Mar 2026

नई दिल्ली। रमजान के पूरे 30 रोजे और इबादतों के बाद देशभर में खुशी का माहौल देखने को मिला, जब ईद का चांद नजर आया। चांद दिखते ही मस्जिदों से एलान किया गया और लोगों ने आसमान में पटाखे जलाकर अपनी खुशी जाहिर की। अकीदतमंदों के चेहरों पर रौनक लौट आई और लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देने लगे।
इसी मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि ईद-उल-फितर की बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि यह दिन आपसी भाईचारे और दया की भावना को और मजबूत करे। सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें।
ईद-उल-फितर के खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए सभी नागरिकों, खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि ईद का यह त्योहार हमें आत्मसंयम, सेवा और दूसरों की मदद करने की सीख देता है।
उन्होंने कहा कि इस दिन हमें जरूरतमंदों और कमजोर वर्ग के लोगों के प्रति दया और सहयोग का भाव रखना चाहिए। इसके साथ ही मुर्मू ने देशवासियों से अपील की कि इस पवित्र मौके पर हम सब मिलकर समाज और देश को मजबूत बनाने का संकल्प लें। राष्ट्रपति के इस संदेश ने ईद के त्योहार पर भाईचारे और एकता का संदेश दिया है।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने नवरोज के खास मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए। पीएम मोदी ने अपने संदेश में कामना की कि आने वाला साल सभी के लिए खुशहाल हो, लोगों की सभी इच्छाएं पूरी हों और हर कोई स्वस्थ रहे। उन्होंने सभी को नवरोज मुबारक कहकर इस त्योहार की बधाई दी। नवरोज पारसी समुदाय का प्रमुख त्योहार है, जिसे नए साल की शुरुआत के रूप में मनाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं और सुख-शांति की कामना करते हैं।
साभार अमर उजाला