Highlights

देश / विदेश

नोएडा में अज्ञात महिला का नग्नावस्था में सिर-हाथ कटा शव मिला

  • 07 Nov 2025

नोएडा। नोएडा सेक्टर-82 कट पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर नाले में गुरुवार दोपहर अज्ञात महिला का नग्नावस्था में सिर-हाथ कटा शव मिला। पुलिस द्वारा काफी खोजने के बाद भी महिला का सिर और हाथ नहीं मिला। पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। वहीं, दूसरी ओर कुछ लोग सिर और हाथ कटी लाश को देखकर उसकी बलि देने की भी आशंका जता रहे हैं।
सेक्टर-108 स्थित पार्क लॉरेट सोसाइटी के सामने व्यावसायिक भूखंड है। उस भूखंड के दूसरी ओर सड़क पर एक बाइक सवार व्यक्ति जा रहा था। वह अचानक शौच के लिए रुका। जैसे ही वह नाले के किनारे पहुंचा तो उसने नाले में महिला का शव देखा। उसने इसकी सूचना फौरन ही सेक्टर-82 कट पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी। सूचना पर एडीसीपी सुमित शुक्ला, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव जहां मिला, वहां से 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप है।
पुलिस के मुताबिक, महिला का शव नग्नावस्था में था। शव की गर्दन कटी हुई थी। इसके अलावा कलाई से दोनों हाथ कटे थे। सिर और दोनों हाथ बरामद नहीं होने से पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिला के दोनों पैर में बिछिया थे। इससे माना जा रहा है कि महिला शादीशुदा थी। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच होने का अनुमान लगाया जा रहा है। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर सील करके पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने महिला के सिर और कटे हुए दोनों हाथ बरामद करने के लिए दिनभर खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इस मामले में एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना का पर्दाफाश करने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। इलाके के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द से जल्द घटना से जुड़े लोगों को पहचान कर पकड़ लिया जाएगा।
महिला की जिस निर्मम तरीके से हत्या की गई है, उससे पुलिस को अंदेशा है कि उसकी हत्या पति ने अवैध संबंध रखने के शक में की है या प्रेमी ने की है। सिर और हाथ काटकर छिपाने के पीछे माना जा रहा है कि हत्या करने वाले आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से जानबूझकर किया है।
नग्नावस्था में महिला की सिर और हाथ कटी लाश मिलने के पीछे कुछ लोग उसकी बलि देने का भी अनुमान लगा रहे हैं। उनका कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा के आसपास कुछ तांत्रिक क्रिया करने वाले ऐसा कर सकते हैं। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि चूंकि महिला विवाहित थी, इसलिए उसकी बलि नहीं दी जा सकती। महिला कौन थी, उसकी हत्या क्यों की गई, इसका जवाब तो पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेगा।
महिला का शव जिस नाले में मिला, उसमें आबादी क्षेत्र का पानी बहता है। जिस समय पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो वह पानी में तैर रहा था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव दो से तीन दिन पुराना है। शव पानी में 48 से 72 घंटे बाद फूलकर ऊपर आ जाता है। पुलिस का कहना है कि जिले से लापता महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान