इंदौर। पिछले एक सप्ताह से तेज ठंड के असर से अब हल्की राहत मिल रही है। अभी तक उत्तरी पूर्वी हवाओं के कारण जहां कड़ाके की सर्दी इंदौर में महसूस हुई थी वही विगत तीन दिनों से हवाओं का रुख पूर्वी होने के बाद ठंडक से हल्की राहत मिली। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 13.3 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को रात के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली। शुक्रवार सुबह शहर में धुन्ध का असर रहा और सुबह न्यूनतम द्श्यता 1500 मीटर तक दर्ज की गई। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके कारण शनिवार से हवाओं को रूख दक्षिणी हो जाएगा। इसके असर से दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। 25 से 26 जनवरी तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी और इंदौर में ठंड से राहत मिलेगी। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के पश्चात 26 जनवरी के बाद तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिलेगी।
इंदौर
पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में हुआ इजाफा, ठंड से मिली हल्की राहत
- 21 Jan 2023